इंटरनेशनल डेस्क: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को भारत को उसके 79वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मामलों में एक खास जगह बना चुका है और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के समाधान में इसकी सक्रिय भूमिका सराहनीय है।
‘विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ का जिक्र
पुतिन ने अपने संदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने दोनों देशों के बीच मजबूत होते ‘विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ का भी जिक्र किया। पुतिन ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और रूस मिलकर अपने द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ावा देंगे।
रूसी राष्ट्रपति ने भारत के वैश्विक मंच पर विशेष स्थान का जिक्र करते हुए कहा, “भारत आज अंतरराष्ट्रीय एजेंडे के सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान में सक्रिय रूप से भाग लेता है। हम भारत के साथ अपने संबंधों को अत्यधिक महत्व देते हैं।” यह संदेश ऐसे समय पर आया है जब भारत और रूस के संबंधों में गर्माहट बढ़ रही है।
हाल ही में भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) ने मॉस्को का दौरा किया था और अब विदेश मंत्री एस जयशंकर भी रूस का दौरा करने वाले हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर रूस से तेल खरीदने के कारण 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था, जिससे भारत और अमेरिका के रिश्तों में थोड़ी खटास आ गई थी।
रूसी राजदूत ने भी दी बधाई
इसके अलावा, भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने भी भारत के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर हिंदी में लिखा, “प्रिय भारतीय मित्रों, 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आपको हार्दिक बधाइयां! मैं कामना करता हूं कि भारतीय राष्ट्र अपने विकास और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए अपनी सभी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करे। जय हिंद, जय रूस!”

