Dainik Savera Times

Indore में बेकाबू ट्रक ने लोगों को कुचला, गुस्‍साए लोगों ने ट्रक फूंका… मचा बवाल

नेशनल डेस्क। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसके सामने आने वाली गाड़ियां एक-एक करके उसकी चपेट में आती चली गईं। इस भयानक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि करीब 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ट्रक का नंबर (एमपी 09 जेपी 4069) बताया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही ट्रक मालिक को भी मामले में आरोपी बनाया जाएगा।

ट्रक में हादसे के बाद लगी आग
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक बड़ा गणपति इलाके में जाकर रुका। यहां रुकने के बाद ट्रक में आग भी लग गई। ट्रक के नीचे एक बाइक सवार फंसा हुआ था, जिसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।

नशे में धुत था चालक
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ट्रक चालक नशे की हालत में था। उसने करीब एक किलोमीटर तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों को टक्कर मारी। चालक की लापरवाही के कारण सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस और एंबुलेंस की टीमों ने तुरंत पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। दमकल विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर जलते हुए ट्रक की आग पर काबू पाया।

पुलिस अधिकारियों ने कही ये बात
एडिशनल सीपी अमित सिंह ने बताया कि ट्रक ने 2–3 गाड़ियों को टक्कर मारी थी, जिसके बाद उसमें आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की जान गई है और 8 लोग घायल हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

Exit mobile version