Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025: चेन्नई ने जीत के साथ किया आगाज, मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हराया, रचिन ने बनाए नाबाद 65 रन

March 23, 2025

IPL 2025: चेन्नई ने जीत के साथ किया आगाज, मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हराया, रचिन ने बनाए नाबाद 65 रन

IPL 2025 CSK vs MI: आईपीएल 2025 के तीसरे मैच में रविवार को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को चार विकेट से मात दी। मुंबई इंडियंस की ओर से मिले 156 रनों का पीछा करने उतरी चेन्नई ने पांच गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। 20वें ओवर की पहली गेंद पर रचिन रवींद्र ने छक्का जड़ टूर्नामेंट में सीएसके को पहली जीत दिलाई।

रचिन ने 45 गेंदों पर 65 रनों की शानदार पारी खेली। रचिन ने दो चौके और चार छक्के जड़े। पारी के दौरान उनका 144.44 का स्ट्राइक रेट रहा। सलामी बल्लेबाज रचिन के अलावा चेन्नई के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने महज 26 गेंदों में तूफानी 53 रनों की पारी खेली। पारी के दौरान 6 चौके और तीन छक्के भी जड़े।

हालांकि, 156 रनों का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 11 रन के स्कोर पर राहुल त्रिपाठी के रूप में सीएसके को पहला झटका लगा। हालांकि, इसके बाद रचिन रवींद्र के साथ कप्तान ऋतुराज गायकवाड ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 50 रनों से अधिक की साझेदारी हुई। 8वें ओवर के आखिरी गेंद पर गायकवाड 53 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर आए विस्फोटक बल्लेबाज शिवम दुबे से टीम को उम्मीद थी कि वह टीम की जीत में अहम योगदान देंगे। लेकिन, छक्का मारने के चक्कर में वह 9 रन के स्कोर पर आउट हुए।

दूसरी ओर से विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहने के बावजूद रचिन रवींद्र ने एक छोड़ को संभाले रखा और 20वें ओवर में टीम को जीत दिलाई।

बता दें कि स्पिनर नूर अहमद (18 रन पर चार विकेट) और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद (29 रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी से चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियंस को रविवार को आईपीएल मुकाबले में नौ विकेट पर 155 रन पर रोक दिया। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। खलील ने इस फैसले को सही साबित करते हुए खतरनाक ओपनर रोहित शर्मा को शून्य पर आउट कर दिया।

मुंबई इस झटके से अंत तक नहीं उबर पाई। मुंबई की पारी दो हिस्सों में बंटी हुई दिखाई दी। पावरप्ले में दोनों ओपनर के विकेट जल्दी गंवाने के बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा की बदौलत मुंबई ने काफी बेहतरीन वापसी की थी। हालांकि बीच के ओवर में नूर अहमद ने एक के बाद एक कुछ बड़े विकेट चटकाकर चेन्नई की वापसी करा दी। एक समय ऐसा लग रहा था कि मुंबई की टीम 170 के स्कोर तक पहुंच जाएगी लेकिन फिर नूर के स्पैल की वजह से ऐसा लगा कि अब वे 150 के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाएंगे।

हालांकि अंतिम के ओवरों में दीपक चाहर ने केवल 15 गेंदों में 28 रनों की नाबाद पारी खेलकर मुंबई को 155 के लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया । सूर्यकुमार ने 26 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 29 और तिलक ने 25 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 31 रन ठोके। निचले क्रम में नमन धीर ने 12 गेंदों पर 17 और दीपक चाहर ने 15 गेंदों पर नाबाद 28 रन ठोककर मुंबई को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। दीपक ने दो चौके और दो छक्के लगाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें