Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025 DC vs GT: गिल और साई सुदर्शन के तूफान में उड़ी दिल्ली, 10 विकेट से जीता मुकाबला, गुजरात ने प्लेऑफ में किया क्वालीफाई

May 18, 2025

IPL 2025 DC vs GT: गिल और साई सुदर्शन के तूफान में उड़ी दिल्ली, 10 विकेट से जीता मुकाबला, गुजरात ने प्लेऑफ में किया क्वालीफाई

IPL 2025 DC vs GT: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 60वें मुकाबले में रविवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के बाद गुजरात टाइटंस प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है और उसने प्लेऑफ में भी जगह बना ली है।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दिल्ली ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 205 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से कप्तान अक्षर पटेल की अगुवाई में केएल राहुल ने शानदार शतक जड़ा और 112 रन पर नाबाद रहे। अभिषेक पोरेल ने 30 और ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 21 रन का योगदान दिया। फाफ डुप्लेसिस मात्र पांच रन बनाकर आउट हुए।

गुजरात के लिए अरशद खान, प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर ने एक-एक विकेट चटकाए।

जवाब में गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। साई सुदर्शन ने 61 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 93 रनों की तूफानी पारी खेली। दोनों ने मिलकर टीम को एकतरफा जीत दिलाई।

इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के साथ प्लेऑफ में जगह बना ली। गुजरात की टीम में कगिसो रबाडा की वापसी हुई, जबकि दिल्ली ने दो बदलाव करते हुए विप्रज निगम और मिचेल स्टार्क को मौका दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें