Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025 MI vs CSK: मुंबई ने चेन्नई को 9 विकेट से हराया, रोहित- सूर्यकुमार ने ठोके अर्द्धशतक

April 20, 2025

IPL 2025 MI vs CSK: मुंबई ने चेन्नई को 9 विकेट से हराया, रोहित- सूर्यकुमार ने ठोके अर्द्धशतक

IPL 2025 MI vs CSK: रोहित शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में अपनी आठवीं पारी में अपना पहला अर्धशतक बनाया। रोहित के साथ सूर्यकुमार यादव ने भी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक जमाया। दोनों खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को नौ विकेट से हरा दिया।

177 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने 45 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली, जबकि सूर्यकुमार ने 30 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली, जिससे मुंबई इंडियंस ने 15.4 ओवर में 177/1 रन बनाकर 26 गेंद शेष रहते नौ विकेट से जीत हासिल की।

रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव से पहले सीएसके के बल्लेबाज शिवम दुबे, जडेजा ने हाफ सेंचुरी जड़ी। जबकि, सीएसके के लिए आयुष म्हात्रे ने अपने पहले ही मैच में 15 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली।

रोहित आईपीएल 2025 में अपनी लगातार असफलताओं को लेकर सवालों का सामना कर रहे थे। हालांकि उन्होंने पिछले मैच में तीन शानदार छक्के लगाए, लेकिन उनकी उम्मीदें जल्द ही धराशायी हो गईं। लेकिन रविवार को रोहि‍त ने आखिरकार अपनी लय हासिल कर ली। उन्होंने कुछ सामान्य शॉट खेलते हुए 33 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वह कई मौकों पर थोड़े भाग्यशाली भी रहे। लेकिन रविवार को हिटमैन को कोई रोक नहीं सका और उन्होंने चार चौके और छह छक्के लगाकर लोगों को याद दिलाया कि उनका शानदार करियर अभी खत्म होने के कगार पर नहीं है।

दूसरे छोर पर सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें 360 डिग्री बल्लेबाज क्यों कहा जाता है। उन्होंने मैदान के चारों तरफ बाउंड्री लगाई, स्वीपिंग, स्लॉग-स्वीपिंग, पुलिंग और रैंपिंग करते हुए 26 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

रोहित और सूर्यकुमार यादव ने दूसरे विकेट के लिए 54 गेंदों पर 114 रनों की साझेदारी की और 51 गेंदों में 100 रन बनाए। उन्होंने मुंबई को सीजन की चौथी जीत दिलाई, जिससे वे आठ अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए। सीएसके आठ मैचों में चार अंकों के साथ सबसे निचले स्थान पर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें