Site icon Dainik Savera Times

IPL 2025 RCB vs KKR : बारिश के कारण रद्द हुआ आरसीबी-केकेआर का मुकाबला, कोलकाता प्लेऑफ की रेस से बाहर

IPL 2025 RCB vs KKR : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के एक अहम मुकाबले में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेला जाने वाला मैच लगातार बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। मैच के रद्द होने के चलते दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद स्थगित होने बाद शनिवार को आईपीएल का पहला मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन शाम करीब 6 बजे शुरू हुई बारिश थमी ही नहीं, जिससे टॉस तक नहीं हो सका। अंततः आयोजकों ने रात 10:24 बजे मुकाबले को रद्द घोषित कर दिया।

इस परिणाम के बाद आरसीबी के अब 12 मैचों में 17 अंक हो गए हैं और टीम प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंच गई है। बचे हुए दो मुकाबलों में से केवल एक जीत भी उन्हें अंतिम चार में पहुंचाने के लिए पर्याप्त होगी। फिलहाल, आरसीबी गुजरात टाइटन्स (16 अंक) से आगे तालिका में शीर्ष पर है।

आरसीबी अपना अगला मुकाबला 23 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलेगी, जबकि 27 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेगी।

वहीं, पिछले साल की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह सीजन बारिश और निराशाजनक प्रदर्शन के साथ समाप्त हो गया है। टीम ने अब तक 13 मैचों में केवल 12 अंक ही हासिल किए हैं। अपना अंतिम मुकाबला जीतकर भी वह प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकेगी।

केकेआर अपना आखिरी लीग मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी, लेकिन वह मैच अब सिर्फ औपचारिकता भर रह गया है।

Exit mobile version