Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘गाजा जल रहा है’, सेना की भारी बमबारी के बाद बोले इजराइल के रक्षा मंत्री काट्ज

September 16, 2025

‘गाजा जल रहा है’, सेना की भारी बमबारी के बाद बोले इजराइल के रक्षा मंत्री काट्ज

इंटरनेशनल डेस्क: गाजा में हालात बहुत गंभीर हो चुके हैं। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि “गाजा जल रहा है”, क्योंकि बीती रात गाजा सिटी में इजराइली सेना ने बहुत भारी बमबारी की है। उन्होंने यह भी कहा कि नई सैन्य कार्रवाई की तैयारी हो रही है। इसी बीच अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो, जो कतर जा रहे हैं, उन्होंने कहा कि इजराइल ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है और अब हमारे पास समझौता करने के लिए बहुत कम समय बचा है। उन्होंने कहा, “अब हमारे पास महीनों का नहीं, बल्कि कुछ दिन या हफ्तों का वक्त है।”

गाजा सिटी में क्या हुआ?

गाजा के लोगों ने बताया कि बीती रात कई जगहों पर बमबारी हुई। गाजा सिटी के पश्चिमी हिस्से में एक घर पर हमला हुआ जिसमें 5 लोग मारे गए, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। दक्षिण-पश्चिमी इलाकेमें तीन और घरों को निशाना बनाया गया। मलबे में लोग अब भी फंसे हो सकते हैं, राहतकर्मी जीवित लोगों को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय नागरिक रदवान हैदर, जो शिफा अस्पताल के पास छुपे हुए हैं, उन्होंने कहा, “ये रात बहुत डरावनी थी।”

इजराइल का इरादा क्या है?

अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि नई सैन्य कार्रवाई की आधिकारिक शुरुआत हो चुकी है या नहीं। लेकिन इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी मंत्री रूबियो ने कहा है कि युद्ध तभी खत्म होगा जब हमास का पूरी तरह से खात्मा हो जाएगा और बंधक बनाए गए 48 लोगों को रिहा कराया जाएगा (जिनमें से करीब 20 के ही जिंदा होने की उम्मीद है) उन्होंने युद्धविराम की मांग को खारिज कर दिया है।

हमास की शर्तें क्या हैं?

हमास ने कहा है कि वे तभी बंधकों को छोड़ेंगे जब फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा, स्थायी युद्धविराम लागू होगा, और इजराइली सेना गाजा से पूरी तरह हटेगी।

यह युद्ध कब और क्यों शुरू हुआ?

7 अक्टूबर 2023 को हमास के लड़ाके इजराइल में घुस आए थे, जिसमें करीब 1,200 लोगों की मौत हुई (ज्यादातर आम नागरिक)। 251 लोगों को बंधक बना लिया गया। इसके बाद इजराइल ने जवाबी हमले शुरू कर दिए। अब तक इजराइली हमलों में 63,000 से ज्यादा फलस्तीनी मारे जा चुके हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें