Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Israel-Iran War: इजराइल ने तीसरे दिन भी किए हवाई हमले; ईरान ने मिसाइलें दागना जारी रखा, 406 लोगों के मरने व 654 के घायल होने का दावा

June 16, 2025

Israel-Iran War: इजराइल ने तीसरे दिन भी किए हवाई हमले; ईरान ने मिसाइलें दागना जारी रखा, 406 लोगों के मरने व 654 के घायल होने का दावा

Israel-Iran War: इजराइल ने रविवार को तीसरे दिन भी ईरान में हवाई हमले किए और इससे भी अधिक जोरदार हमले की धमकी दी। वहीं, ईरान ने भी इजराइल पर मिसाइलें दागना जारी रखा, जिसमें से कुछ (मिसाइलें) इजराइल वायु रक्षा प्रणाली को चकमा देकर देश के मध्य इलाके में इमारतों पर गिरीं। इस बीच, ईरान और अमरीका के बीच ओमान में होने वाली परमाणु वार्ता रद्द कर दी गई। शुक्रवार को इजराइल  द्वारा ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर अचानक की गई बमबारी में कई शीर्ष जनरलों और परमाणु वैज्ञानिकों के मारे जाने के बाद क्षेत्र में एक लंबे संघर्ष की आशंका पैदा हो गई है।

वाशिंगटन स्थित एक मानवाधिकार समूह ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स ने जानकारी दी है कि ईरान में इजराइल हमलों में कम से कम 406 लोग मारे गए हैं जबकि 654 अन्य घायल हुए हैं। समूह ने कहा कि उनका आंकड़ा पूरे ईरान का है। ईरान की सरकार ने इजराइल हमलों में हताहतों की संख्या का कोई आंकड़ा नहीं दिया है। इस हमले में ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए और परमाणु स्थलों को निशाना बनाया गया। समूह ने कहा कि अब तक, मरने वालों में 197 नागरिक, 90 सैन्य कर्मी और 119 अन्य लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है। इसने कहा कि घायलों में 100 नागरिक, 71 सैनिक और 483 अन्य लोग शामिल हैं, जिनकी शिनाख्त नहीं हुई है।

वहीं, ईरान ने कहा कि इजराइल ने उसकी 2 तेल रिफाइनरी पर हमला किया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगर उनके देश पर इजराइल के हमले बंद हो जाएं, तो उनके देश की जवाबी कार्रवाई भी रुक जाएगी। अराघची ने तेहरान में राजनयिकों के समक्ष यह टिप्पणी की। शुक्रवार को इसराइली हमले शुरू होने के बाद वह पहली बार सार्वजनिक तौर पर नजर आए।

इस बीच इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को चेतावनी दी कि इसराइल में नागरिकों को निशाना बनाने की ईरान को ‘बहुत भारी कीमत’ चुकानी होगी। नेतन्याहू ने यह टिप्पणी तेल अवीव के नजदीक बात याम शहर में सुबह-सुबह ईरानी मिसाइल हमले के स्थल का दौरा करते हुए की। इस हमले में कम से कम 7 लोग मारे गए और कई दर्जन अन्य घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने मिशन को पूरा करेंगे।

उधर, इसराइल में सभी भारतीय सुरक्षित हैं तथा भारतीय दूतावास मौजूदा स्थिति और अपने नागरिकों की सुरक्षा पर लगातार नजर रख रहा है। भारतीय मिशन ने रविवार को यह जानकारी दी। दूतावास के सूत्रों ने बताया कि उसने 24 घंटे संचालित होने वाली एक हैल्पलाइन स्थापित की है और समुदाय के सदस्यों के साथ संपर्क बनाए हुए है। मिशन ने रविवार को जारी एक ताजा परामर्श में अपने नागरिकों को ‘सतर्क रहने, किसी भी अनावश्यक आवाजाही से सख्ती से बचने और इसराइली अधिकारियों द्वारा दी गई सलाह के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने’ को कहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें