Site icon Dainik Savera Times

‘मिसाइल हमले बंद नहीं किए, तो तेहरान को जला देंगे’, इजरायली रक्षा मंत्री की ईरान को चेतावनी

इंटरनेशनल डेस्क: इजरायल और ईरान के बीच तनाव बहुत बढ़ गया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने मिसाइल हमले बंद नहीं किए, तो तेहरान को जला दिया जाएगा। यह बयान तब आया जब ईरान ने इजरायल के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर इजरायल के हमले के जवाब में करीब 200 मिसाइलें दागीं।

इजरायल के रक्षा मंत्री का सख्त संदेश
एक उच्च स्तरीय बैठक में, जिसमें इजरायली सेना (IDF) के प्रमुख एयाल जामीर, मोसाद प्रमुख डेविड बारनेआ और दूसरे सैन्य अधिकारी शामिल थे। रक्षा मंत्री काट्ज ने कहा, “ईरानी नेता अपने लोगों को खतरे में डाल रहे हैं। अगर मिसाइलें दागना जारी रहा, तो तेहरान इसका सबसे बड़ा शिकार बनेगा।” उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को सीधे चेतावनी देते हुए कहा, “अगर इजरायली नागरिकों पर मिसाइलें दागी जाती रहीं, तो हम तेहरान को जला देंगे।”

क्या हुआ है अब तक?
ईरान ने बीती रात से अब तक करीब 200 बैलिस्टिक मिसाइलें इजरायल पर दागी हैं। इजरायली एयर डिफेंस सिस्टम ने इनमें से ज्यादातर मिसाइलों को बीच में ही नष्ट कर दिया। लेकिन 25% मिसाइलें इंटरसेप्ट नहीं की जा सकीं और कुछ रिहायशी इलाकों में गिरीं।

जान-माल का नुकसान
मिसाइलों की वजह से तेल अवीव, रमात गन और रिशोन लेजिओन जैसे शहरों में नुकसान हुआ है। 3 इजरायली नागरिकों की मौत हुई है और करीब 70 लोग घायल हुए हैं। हालांकि इजरायली सेना ने बताया कि उनके सभी सैन्य और वायुसेना अड्डे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। ईरान ने शुक्रवार को 100 से ज्यादा ड्रोन भी छोड़े थे। इसके बाद रात में और भी ड्रोन हमले हुए जिन्हें इजरायली वायुसेना और नौसेना ने मार गिराया।

अब तेहरान तक पहुंचने का रास्ता साफ: इजरायली सेना
इजरायली सेना के प्रमुख एयाल जामीर और वायुसेना प्रमुख टॉमर बार ने कहा, “अब तेहरान तक पहुंचने का रास्ता साफ है।” इसका मतलब है कि इजरायल अब ईरान के राजधानी इलाके में भी सैन्य कार्रवाई कर सकता है।

Exit mobile version