Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईरान को इजरायल की चेतावनी- अभी तो शुरुआत है, आगे और तबाही होगी

June 14, 2025

ईरान को इजरायल की चेतावनी- अभी तो शुरुआत है, आगे और तबाही होगी

यरूशलेम/तेहरान: मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग ने पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है। दोनों देशों के बीच लगातार हमले हो रहे हैं। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को सीधी और कड़ी चेतावनी दी है।

नेतन्याहू की चेतावनी: अभी तो सिर्फ शुरुआत है
नेतन्याहू ने कहा, “जो अब तक हुआ है, वो सिर्फ शुरुआत है। अभी और तबाही मचेगी। ईरान को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। हमारा मकसद सिर्फ एक है इजरायल के अस्तित्व को खतरे में डालने वाले ईरान के खतरे को पूरी तरह खत्म करना।” उन्होंने यह भी साफ किया कि इजरायल का नया सैन्य अभियान “ऑपरेशन राइजिंग” तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान की ताकत को जड़ से खत्म नहीं कर दिया जाता।

ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चिंता
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान का शासन लगातार इजरायल को मिटाने की धमकियां देता आया है। उन्होंने कहा, “हमें खुफिया रिपोर्ट से पता चला है कि ईरान अब परमाणु हथियार हासिल करने के बेहद करीब है। उन्होंने नौ परमाणु बम बनाने लायक यूरेनियम इकट्ठा कर लिया है।”यह न सिर्फ इजरायल, बल्कि पूरे विश्व के लिए गंभीर खतरा है। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल ऐसा कभी नहीं होने देगा, क्योंकि यह उनके देश और आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत बड़ा खतरा है।

क्या है ऑपरेशन राइजिंग?
यह इजरायल द्वारा शुरू किया गया एक आक्रामक सैन्य अभियान है, जिसका लक्ष्य ईरान की सैन्य ताकत, खासकर परमाणु हथियारों से जुड़ी गतिविधियों को खत्म करना है। इस ऑपरेशन के तहत इजरायल ने ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया है।

क्षेत्र में बढ़ता तनाव
ईरान और इजरायल के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है। अब दोनों देशों के बीच हालात सीधे युद्ध की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। यह संघर्ष मिडिल ईस्ट में अन्य देशों को भी प्रभावित कर सकता है, जिससे वैश्विक स्थिरता को खतरा पैदा हो सकता है।

ईरान पर कहर बनकर टूटे इजरायल के फाइटर जेट्स
इससे पहले इजरायल के फाइटर जेट्स ने ईरान में तबाही मचाई है। इजरायल ने शुक्रवार को ईरान में कई हमले किए, जिनमें उसके परमाणु कार्यक्रम और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने पुष्टि की है कि उसके फाइटर जेट्स ने ईरान की न्यूक्लियर साइट को टारगेट किया था।

वहीं ईरान के सरकारी मीडिया की मानें तो इन हमलों में ईरान की सेना की शक्तिशाली शाखा रिवोल्यूशनरी गार्डस के कमांडर हौसेन सलामी और कई परमाणु वैज्ञानिक मारे गए। अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर आईडीएफ ने लिखा, ‘हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि ईरानी सशस्त्रबलों के चीफ ऑफ स्टाफ, आईआरजीसी के कमांडर और ईरान के आपातकालीन कमांड के कमांडर इजरायली हमलों में मारे गए।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें