Site icon Dainik Savera Times

जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग तस्करों के अवैध निर्माण किए ध्वस्त, 9 आरोपी गिरफ्तार

Jalandhar Commissionerate Police जालंधर : पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ मुहिम को नया बल देते हुए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार को लखनपाल गांव में बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। वर्षों से नशे के गढ़ के रूप में बदनाम इस गांव में पुलिस और पंचायत विभाग की संयुक्त टीम ने ड्रग तस्करों द्वारा कब्जाई गई सरकारी जमीन पर बने अवैध ढांचों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

इस कार्रवाई का नेतृत्व कर रही पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि लखनपाल लंबे समय से ड्रग तस्करी के केंद्र के तौर पर सक्रिय था। कई बार पुलिस छापेमारी के दौरान तस्कर इन अवैध निर्माणों का इस्तेमाल छतों से भागने और बच निकलने के लिए करते थे। अब इन ठिकानों को जमींदोज कर उनके भागने के रास्तों को भी खत्म कर दिया गया है।

-पुलिस ने अभियान के दौरान नौ तस्करों को किया गिरफ्तार

मुख्य आरोपी हरदीप सिंह उर्फ दीपा, जो एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत सात गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके पिता सरबजीत सिंह और भाई संदीप सिंह उर्फ सोनू पर भी आपराधिक मामलों में संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने अभियान के दौरान नौ तस्करों को धर दबोचा, जबकि कई अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं, नशे के धंधे से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।

लखनपाल की ग्राम पंचायत ने भी सरकार की मुहिम का समर्थन करते हुए गांव में नशे के कारोबार और सेवन पर पाबंदी लगाने का प्रस्ताव पारित किया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का स्वागत किया और गांव को सुरक्षित व नशा मुक्त बनाने की उम्मीद जताई।

-कमिश्नर धनप्रीत कौर ने नागरिकों से अपील की है कि

वे नशे से संबंधित किसी भी सूचना को सरकार के हेल्पलाइन नंबर 9779-100-200 पर साझा करें, और भरोसा दिलाया कि मुखबिरों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। लखनपाल में इस कार्रवाई ने नशे के खिलाफ लड़ाई को नई ऊर्जा दी है और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि राज्य में ड्रग माफिया के लिए अब कोई जगह नहीं बचेगी।

Exit mobile version