Site icon Dainik Savera Times

जापान एयरलाइंस का बोइंग विमान 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिरा, 191 यात्री थे सवार

इंटरनेशनल डेस्क: जापान में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। 30 जून को चीन के शंघाई से टोक्यो जा रहे जापान एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान में अचानक तकनीकी खराबी आई, जिसके कारण विमान 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिर गया। इस हादसे के दौरान 191 यात्री घबराए हुए थे और कई यात्रियों ने अपने आखिरी संदेश लिखने शुरू कर दिए थे।

विमान शंघाई के पुडोंग एयरपोर्ट से टोक्यो के नारिता एयरपोर्ट की ओर उड़ान भर रहा था। यह विमान जापान एयरलाइंस और स्प्रिंग जापान एयरलाइन की एक साझेदारी में उड़ान भर रहा था। विमान 36,000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी अचानक इसमें तकनीकी खराबी आ गई और यह विमान सिर्फ 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिरकर 10,500 फीट तक आ गया। इस घटना से यात्री डर गए और कुछ यात्रियों ने अपनी वसीयत लिखना शुरू कर दिया।

कुछ ही सेकंड में ऑक्सीजन मास्क गिरने लगे

एक यात्री ने बताया, “मैंने एक धीमी आवाज सुनी और कुछ ही सेकंड में ऑक्सीजन मास्क गिरने लगे। एयर होस्टेस आई और मास्क लगाने के लिए कहा, उसने बताया कि विमान में कोई खराबी आ गई है।” कुछ यात्री तो इस दौरान सो रहे थे, लेकिन कुछ ने अपनी बीमा जानकारी और बैंक कार्ड के पिन भी अपने परिवार को भेजे। एक यात्री ने कहा, “जब मैं अपनी वसीयत और बैंक पिन लिख रहा था, तो मेरी आंखों में आंसू आ गए।”

इस हादसे के बाद, पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाई और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को आपात लैंडिंग की सूचना दी। इसके बाद विमान को जापान के ओसाका स्थित कंसाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर डायवर्ट कर दिया गया। विमान को रात 8:50 बजे (स्थानीय समयानुसार) ओसाका में सुरक्षित उतार लिया गया।

एयरलाइंस ने शुरू की घटना की जांच 

एयरलाइन ने यात्रियों को 15,000 येन (लगभग 93 अमेरिकी डॉलर) मुआवजे के रूप में दिए और एक रात होटल में रुकने की सुविधा दी। इसके अलावा, एयरलाइंस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि इस तरह की घटना फिर से न हो। यह घटना विमान यात्रा के दौरान सुरक्षा और तकनीकी खामियों की गंभीरता को दिखाती है।

Exit mobile version