Site icon Dainik Savera Times

जय शाह बने इंटरनेशनल क्रिकेट के मुखिया, ICC प्रमुख का कार्यभार संभाला

दुबई। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के निवर्तमान सचिव जय शाह ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया। वह इस वैश्विक संस्था का नेतृत्व करने वाले पांचवें भारतीय हैं। छत्तीस साल के शाह पिछले पांच वर्षों से बीसीसीआई सचिव हैं। वह आईसीसी के निदेशक मंडल की सर्वसम्मत पसंद थे। शाह ने न्यूजीलैंड के वकील ग्रेग बार्कले का स्थान लिया, जो लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए पद पर बने रहने के इच्छुक नहीं थे। शाह से पहले व्यवसायी दिवंगत जगमोहन डालमिया, राजनेता शरद पवार, वकील शशांक मनोहर और उद्योगपति एन श्रीनिवासन विश्व क्रिकेट संस्था का नेतृत्व करने वाले भारतीयों में शामिल रहे हैं।

 

भारत के गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह का कार्यकाल चुनौतियों के साथ शुरू होगा क्योंकि आईसीसी को पाकिस्तान में निर्धारित चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ‘हाइब्रिड मॉडल’ को लागू करने के लिए एक स्वीकार्य समाधान खोजने की जरूरत है।

शाह ने मौजूदा चेयरमैन ग्रेग बार्कले की जगह लिया 
आपको बता दें कि जय शाह इस साल अगस्त में निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। लेकिन आज उन्होंने आधिकारिक तौर पर आईसीसी के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है। शाह ने मौजूदा चेयरमैन ग्रेग बार्कले की जगह लिया है, जिन्होंने इस बार चेयरमैन पद के लिए दावेदारी नहीं पेश की । शाह ने अपने भाषण के दौरान कहा, ”मुझे आईसीसी के अध्यक्ष के रूप में भूमिका निभाने का सम्मान मिला है और मैं आईसीसी निदेशकों और सदस्य बोर्ड के समर्थन और विश्वास के लिए आभारी हूं।” उन्होंने आगे कहा, यह समय खेल जगत के लिए एक रोमांचक समय है क्योंकि हम लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों की तैयारी कर रहे हैं और दुनियाभर के फैंस के लिए क्रिकेट को और भी ज्यादा दिलचस्प बनाने के लिए काम कर रहे हैं।”दरअसल, शाह देश की तरफ से अहम पद पर काबिज होने वाले सिर्फ 5वें शख्स हैं। उनसे पहले इस पद की शोभा जगमोहन डालमिया, शरद पवार, शशांक मनोहर और उद्योगपति एन श्रीनिवासन बढ़ा चुके हैं ।

क्रिकेट में ग्लोबल लेवल पर अपार संभावनाएं
शाह ने अपने भाषण में आगे कहा,” हम क्रिकेट जगत में महिलाओं की भागेदारी में और बढ़ोतरी करने के लिए भी काम कर रहे है। क्रिकेट में ग्लोबल लेवल पर अपार संभावनाएं हैं और मैं इन अवसरों को भुनाने और खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आईसीसी टीम और सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हूं। बता दें कि शाह के पास क्रिकेट का काफी पुराना अनुभव है। उन्होंने अपनी यात्रा 2009 में गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से शुरू की थी। शाह ने दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था। वहीं वे 2019 में बीसीसीआई के सबसे कम उम्र के सचिव बने, लगभग 6 सालों तक BCCI के अध्यक्ष रहे शाह ने एशियन क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया हैं साथ ही उन्होंने आईसीसी के फाइनेंस और कॉमर्शियल मामलों की कमिटी की अध्यक्षता भी की हैं।

 

Exit mobile version