नेशनल डेस्क : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर ने 2 जून 2025 को जेईई एडवांस्ड 2025 परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। यह परीक्षा उन छात्रों के लिए होती है जो भारत के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों जैसे IITs में दाखिला लेना चाहते हैं। इस साल परीक्षा में कोटा के रचित गुप्ता ने टॉप किया है। रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्र आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर अपना स्कोर देख सकते हैं। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
जल्दी चेक करें रिजल्ट
आपको बता दें कि इस वेबसाइट पर जाकर होमपेज पर दिए गए रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होता है। इसके बाद छात्र अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और अन्य लॉगिन डिटेल्स भरते हैं। सारी जानकारी सही भरने के बाद उनका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देता है। छात्र इस स्कोरकार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य की प्रक्रिया के लिए इसका प्रिंटआउट भी निकाल सकते हैं।
जारी हुई फाइनल आंसर-की
रिजल्ट के साथ-साथ जेईई एडवांस्ड 2025 की फाइनल आंसर-की भी जारी कर दी गई है। आंसर-की में हर सवाल का सही उत्तर होता है, जिससे छात्र यह जांच सकते हैं कि उन्होंने परीक्षा में कौन-कौन से सवाल सही किए और कहां गलती हुई। इससे उन्हें अपने स्कोर को समझने में भी मदद मिलती है।
अब क्या होगा अगला कदम, जोसा काउंसलिंग 2025
रिजल्ट आने के बाद अगला कदम है JoSAA यानी ज्वाइंट सीट अलॉटमेंट अथॉरिटी 2025 की काउंसलिंग प्रक्रिया। यह प्रक्रिया उन छात्रों के लिए होती है जिन्होंने जेईई एडवांस्ड या जेईई मेन पास किया है और अब वे IIT, NIT, IIIT या अन्य सरकारी तकनीकी संस्थानों (GFTI) में दाखिला लेना चाहते हैं। इस प्रक्रिया के तहत छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चुनाव करते हैं। काउंसलिंग की प्रक्रिया 3 जून 2025 से शुरू होगी, जिसमें छात्रों को JoSAA की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा और अपनी पसंद के विकल्प भरने होंगे। यह एक अहम चरण होता है क्योंकि यहीं से तय होता है कि छात्र को कौन-सा कॉलेज और कौन-सी शाखा (ब्रांच) मिलेगी।
आर्किटेक्चर के छात्रों के लिए विशेष परीक्षा: AAT 2025
जो छात्र आर्किटेक्चर में पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके लिए एक अलग परीक्षा होती है जिसे AAT यानी आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट कहा जाता है। AAT 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन 2 जून से शुरू हो गया है और 3 जून तक चलेगा। यह परीक्षा 5 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। जो छात्र इस परीक्षा को पास करते हैं, वे IIT खड़गपुर, IIT रुड़की और IIT BHU जैसे संस्थानों में B.Arch प्रोग्राम के लिए पात्र बनते हैं। AAT का रिजल्ट 8 जून को आने की संभावना है। AAT में बैठने के लिए छात्र को पहले जेईई एडवांस्ड पास करना जरूरी है।
छात्र क्या करें अब?
अब जब रिजल्ट आ चुका है, छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते JoSAA काउंसलिंग और AAT परीक्षा से जुड़ी सारी जानकारी ध्यान से पढ़ें और सभी जरूरी तारीखों का ध्यान रखें। स्कोरकार्ड, पहचान पत्र, मार्कशीट जैसी सभी जरूरी दस्तावेज़ तैयार रखें। काउंसलिंग में विकल्प भरते समय सोच-समझकर निर्णय लें, क्योंकि यही आपके भविष्य को दिशा देगा। आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर लॉग इन करके अपडेट लेते रहें ताकि कोई भी सूचना छूट न जाए।
मेष: दिन शुभ रहेगा...