इंटरनेशनल डेस्क: यरुशलम के उत्तरी हिस्से में एक व्यस्त चौराहे पर सोमवार सुबह बड़ा आतंकी हमला हुआ। भीड़भाड़ वाले इलाके में अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। गोलीबारी में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 6 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमले की पूरी घटना
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 हमलावर एक बस में चढ़े और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। यह जगह पूर्वी यरुशलम में उन सड़कों पर है, जो यहूदी बस्तियों की ओर जाती हैं। गोलीबारी के दौरान बस स्टॉप पर मौजूद लोग घबराकर भागने लगे। मौके से मिले वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि गोलियों की आवाज सुनकर लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे।
घटनास्थल पर मंजर
मौके पर पहुंचे राहतकर्मियों ने बताया कि सड़क और बस स्टॉप के पास अफरातफरी का माहौल था। कई लोग जमीन पर घायल और बेहोश पड़े थे। चारों तरफ टूटे हुए कांच के टुकड़े बिखरे थे।
हमलावर ढेर
इजरायली पुलिस ने कहा कि गोलीबारी शुरू होने के तुरंत बाद दोनों हमलावरों को मार गिराया गया। हालांकि, फिलहाल उनकी पहचान और आतंकी समूह से जुड़ाव को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
हालात पहले से तनावपूर्ण
गाजा में जारी युद्ध के कारण पिछले कुछ महीनों से वेस्ट बैंक और इजरायल में हिंसा और हमले बढ़े हैं। अक्टूबर 2024 में भी तेल अवीव में एक बड़ी गोलीबारी हुई थी, जिसमें 7 लोग मारे गए थे। उस हमले की जिम्मेदारी हमास की सैन्य शाखा ने ली थी।
इजरायल की चेतावनी
हमले से कुछ ही दिन पहले इजरायल ने गाजा में एक ऊंची इमारत को ध्वस्त किया था। इसके बाद इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने चेतावनी दी थी कि “यह कार्रवाई बस शुरुआत है, अब सेना की गतिविधियां और तेज होंगी और एक बार शुरू होने के बाद इन्हें रोका नहीं जाएगा।”

