Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

जेपी नड्डा और रिजिजू ने संसद में झूठ बोला, भाजपा करती है धर्म का इस्तेमाल: मल्लिकार्जुन खरगे

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के एक कथित बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हमले पर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा तथा किरेन रिजिजू ने इस मामले पर संसद में झूठा बोला और सिर्फ भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया है। उन्होंने यह दावा भी किया कि भाजपा कानून बनाने के लिए धर्म का इस्तेमाल करती है, जबकि कांग्रेस की सरकारों में कभी भी धर्म के आधार पर किसी को आरक्षण नहीं दिया गया।

सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कर्नाटक विधानसभा में मुसलमानों को सरकारी ठेकों में चार प्रतिशत आरक्षण देने के प्रावधान वाला एक विधेयक पारित होने पर कड़ा विरोध जताया तथा कांग्रेस पर संविधान बदलने का प्रयास करने का आरोप लगाया। राज्यसभा में सदन के नेता और स्वास्थ्य मंत्री नड्डा और संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने कहा कि कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री शिवकुमार ने बयान दिया है कि अगर जरूरत पड़ी, तो संविधान में बदलाव किया जाएगा।

नड्डा और रिजीजू ने झूठ बोला- खरगे
खरगे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जेपी नड्डा जी और किरेन रिजीजू जी ने सदन में झूठ बोला, इसलिए हमारी पार्टी उनके ऊपर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी धर्म के आधार पर आरक्षण दे रही है, जो कि सरासर झूठ है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे मुद्दे उठाकर अपनी सरकार में जारी भ्रष्टाचार को छिपाना चाहती है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने न्यायमूíत यशवंत वर्मा के आवास से कथित तौर पर नकदी मिलने का हवाला देते हुए कहा, ‘‘हाल ही में न्यायपालिका से जुड़ा एक मामला सामने आया है और भाजपा नहीं चाहती कि विपक्ष इन मुद्दों पर बात करे।’’  उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में 1994 में जो आरक्षण शुरू हुआ, उसे कांग्रेस, भाजपा, जनता दल (एस) और उस वक़्त की सभी पार्टयिों ने स्वीकार किया। ये सभी की सरकारों में रहा है और आज भी है।’’ खरगे ने कहा कि भाजपा को दर्द हो रहा है, क्योंकि कर्नाटक में कांग्रेस की गारंटी जनता के बीच जा रही है तथा कांग्रेस की लोकप्रियता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय को कभी अलग से आरक्षण नहीं दिया गया।

भाजपा बौखलाई हुई है- कांग्रेस अध्यक्ष
खरगे ने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री रहते अपने राज्य में मुस्लिमों को ओबीसी की सूची में डाला था और अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार से निवेदन किया था कि राज्य की सूची को केंद्र की सूची में डालकर लागू किया जाए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने पांच श्रेणियों में डालकर सभी को न्याय दिलाने की कोशिश की है। भाजपा के लोग 30 साल पुराने कानून को चुनौती दे रहे हैं। ये दिखाता है कि भाजपा बौखलाई हुई है।’’ खरगे ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘देश में कांग्रेस ही संविधान लेकर आई है, कांग्रेस हर कीमत पर इसकी रक्षा करेगी। इसकी रक्षा के लिए लड़ती रहेगी। अगर कोई संविधान के खिलाफ कुछ कहता है, तो कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है।’’

बाद में उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे किसी भी नेता या मंत्री ने संविधान को बदलने की बात नहीं की है। बाबासाहेब डॉ आंबेडकर जी के बनाए हुए संविधान को बदलने की बात केवल भाजपा-आरएसएस के नेताओं ने बार-बार की है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए आज भाजपा ने एक षड्यंत्र के तहत संसद की कार्यवाही अवरुद्ध की, ताकि न्यायपालिका में जो भ्रष्टाचार सामने आया है, उसपर संसद में बहस न हो सके।

Exit mobile version