Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल प्रदेश में Kangana Ranaut और Anurag Thakur आगे, सभी निर्वाचन क्षेत्रों में BJP को बढ़त

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के सभी चार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक के रुझान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी कांग्रेस उम्मीदवारों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी हैं। आयोग के आंकड़ों के अनुसार मंडी से भाजपा उम्मीदवार और अभिनेत्री कंगना रनौत 14,734 मतों के अंतर से आगे हैं, जबकि हमीरपुर से पांचवीं बार चुनाव लड़ने वाले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर 31,034 मतों से आगे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांगड़ा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आनंद शर्मा 59,549 मतों से पीछे चल रहे हैं और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा शिमला निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा भाजपा सांसद सुरेश कशय़प 19,873 मतों से आगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के चार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए चुनाव और छह विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव के लिए मतगणना चल रही है। राज्य भर के 80 मतगणना केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई।

मतों की गिनती डाक मतपत्रों के साथ शुरू हुई। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि मतगणना केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल(सीएपीएफ) की 41 टुकड़ियां तैनात की गई हैं। उपचुनाव के लिए भी चार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के साथ ही एक जून को मतदान हुआ था। सुजानपुर, धर्मशाला, लाहौल और स्पीति, बरसर, गगरेट और कुटलेहड़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उपचुनाव हुआ है।

Exit mobile version