खेल डेस्क: भारतीय फुटबॉल टीम को नया कोच मिल गया है, और यह किसी विदेशी कोच की बजाय एक भारतीय हैं। खालिद जमील को भारतीय फुटबॉल टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह 13 साल बाद हुआ है जब किसी भारतीय कोच को टीम की कमान मिली है। इससे पहले साल 2011-12 में सावियो मेडेइरा भारतीय टीम के कोच थे।
खालिद जमील ने किसकी जगह ली?
खालिद जमील ने स्पेन के मनोलो मार्केज की जगह ली है। मनोलो मार्केज ने पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था। उनके कार्यकाल में टीम एक साल तक कोई भी मैच नहीं जीत पाई थी।

कैसे हुआ चयन?
AIFF की टेक्निकल कमेटी की बैठक 22 जुलाई को हुई थी। इसमें तीन नामों की सूची बनाई गई थी। पूर्व कोच स्टीफन कॉन्स्टेंटाइन, स्लोवाकिया के मैनेजर स्टीफन टारकोविक और खालिद जमील। आखिरकार, 1 अगस्त को खालिद जमील के नाम पर मोहर लगी।
कौन हैं खालिद जमील?
खालिद जमील का जन्म कुवैत में हुआ था और उनकी उम्र 49 साल है। वह पूर्व भारतीय फुटबॉलर भी रह चुके हैं। साल 2017 में उन्होंने आइजॉल एफसी को I-League चैंपियन बनाया था, जो कि एक बड़ी उपलब्धि थी। वह इस समय जमशेदपुर एफसी (ISL क्लब) के कोच हैं। साल 2023-24 में उन्होंने टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाया। उन्हें दो बार AIFF कोच ऑफ द ईयर का खिताब मिल चुका है।
खालिद जमील की पहली चुनौती – Nations Cup 2025
भारतीय टीम का अगला मिशन है Nations Cup 2025, जिसका पहला मुकाबला 29 अगस्त को ताजिकिस्तान में खेला जाएगा।
भारत का ग्रुप (ग्रुप-B):
भारत
ताजिकिस्तान
ईरान
अफगानिस्तान
मैच शेड्यूल:
29 अगस्त: भारत vs ताजिकिस्तान
1 सितंबर: भारत vs ईरान
4 सितंबर: भारत vs अफगानिस्तान
फाइनल मैच: 8 सितंबर को खेला जाएगा।
खालिद जमील पर अब बड़ी जिम्मेदारी है कि वे भारतीय फुटबॉल टीम को जीत की राह पर वापस लाएं। भारतीय फैंस को उनसे काफी उम्मीदें हैं, खासकर जब एक बार फिर टीम की बागडोर एक देशी कोच के हाथों में दी गई है।
ये भी देखें :- किश्तवाड़-पाडर सड़क पर डंपर-आल्टो की भयंकर टक्कर, 1 की मौत, 3 घायल