Site icon Dainik Savera Times

‘देश को बर्बादी की राह पर ले गई BJP’, मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर खरगे का तीखा हमला

नेशनल डेस्क: 26 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र की सत्ता में 11 साल पूरे हो गए। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए और देश को बर्बादी की ओर धकेल दिया।

बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि मोदी जी ने 2014 में ‘अच्छे दिन’ का वादा किया था, लेकिन 11 साल बाद अब ये वादा एक डरावना सपना बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन हकीकत में करोड़ों युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है और सरकार सिर्फ प्रचार कर रही है।

 

देश में महंगाई चरम पर
उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी झूठा निकला। उल्टा किसानों को अपने हक के लिए रबर की गोलियां खानी पड़ीं। खरगे ने कहा कि महिला आरक्षण कानून में शर्तें लगाई गईं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हालात खराब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर वर्गों के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं। दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों की समाज में भागीदारी कम कर दी गई है। खरगे ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है, बेरोजगारी बढ़ रही है, आम जनता की खपत घट रही है और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट फेल हो गए हैं। साथ ही देश में आर्थिक असमानता बहुत बढ़ गई है।

विदेश नीति और लोकतंत्र पर हमला
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने की बात कही थी, लेकिन आज हमारे कई देशों से रिश्ते बिगड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर आरएसएस का नियंत्रण बढ़ रहा है, ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है और संस्थाओं की आज़ादी खत्म की जा रही है। मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने पोस्ट में कहा कि 11 साल में मोदी सरकार का असली चेहरा सामने आ चुका है और जनता का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि ‘कमल का निशान’ (बीजेपी का चुनाव चिन्ह) अब देश की समस्याओं का प्रतीक बन गया है।

Exit mobile version