नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव में छपरा सीट से राजद उम्मीदवार और मशहूर भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ‘नचनिया’ (नाचनेवाली) वाली टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। खेसारी लाल यादव ने सम्राट चौधरी को अपना “बड़ा भाई”बताते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए किसी का अपमान करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि नेताओं को अपने शब्दों पर नियंत्रण रखना चाहिए ताकि युवा पीढ़ी गलत भाषा का इस्तेमाल न करे।
ये भी पढ़ें: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर देशभर में उत्सव, PM Modi ने केवड़िया में दी श्रद्धांजलि
खेसारी ने कहा, “जिसने मेहनत नहीं की, उसे शब्दों की कीमत नहीं समझ आती, लेकिन जो संघर्ष करता है, उसके लिए हर शब्द मायने रखता है। अगर कोई मुझे ‘नचनिया’ कहता है तो कोई बात नहीं, वह मेरे बड़े भाई हैं। लेकिन सिर्फ चुनाव जीतने के लिए किसी का अपमान करना गलत है।”
भाजपा नेताओं पर भी निशाना
खेसारी ने कहा कि भाजपा नेता मनोज तिवारी उनके “बड़े भाई” हैं, लेकिन पार्टी के कुछ लोग सिर्फ अपनी राजनीतिक स्थिति की परवाह करते हैं, रिश्तों की नहीं। उन्होंने कहा, “मैंने मनोज तिवारी और भाजपा, दोनों के लिए प्रचार किया है। लेकिन मेरे लिए रिश्ते राजनीति से ज़्यादा अहम हैं। चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन रिश्ते हमेशा बने रहने चाहिए।”
छपरा के विकास का वादा
खेसारी लाल यादव ने कहा कि अगर वे छपरा से विधायक चुने जाते हैं, तो वे इलाके की शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और विकास कार्यों पर खास ध्यान देंगे। उन्होंने कहा, “छपरा के लोगों ने मुझ पर भरोसा किया है। मैं शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने, अस्पतालों को बेहतर बनाने और क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए पूरी मेहनत करूंगा।”
ये भी पढ़ें: दभोटा में निजी स्कूल के सेफ्टी टैंक में गिरने से साढ़े चार साल की बच्ची की मौत
चुनाव की तारीखें
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होगा। वहीं 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 8 सीटों पर उपचुनाव भी 11 नवंबर को होंगे। सभी चुनावों के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएँगे।

