Site icon Dainik Savera Times

‘चाहता हूं- मेरी पत्नी चुनाव लड़ें’, तेजस्वी यादव के लिए चुनाव प्रचार को लेकर जानें क्या बोले खेसारी लाल

नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी तेज हो गई है और अब इस सियासी माहौल में भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का नाम भी चर्चा में है। खेसारी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह चाहते हैं उनकी पत्नी चुनाव लड़ें, और अगर ऐसा नहीं होता तो वे तेजस्वी यादव के लिए प्रचार करेंगे।

खेसारी लाल ने क्या कहा?

खेसारी ने बताया, “मैं चाहता हूँ कि मेरी पत्नी चुनाव लड़ें। मैं उन्हें पिछले 4 दिनों से मनाने की कोशिश कर रहा हूं। अगर वह मान जाती हैं, तो हम नामांकन भरेंगे। अगर नहीं, तो मैं तेजस्वी भैया के लिए प्रचार करूंगा और उन्हें जिताने की कोशिश करूंगा।” खेसारी लाल यादव पहले भी सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते रहे हैं, लेकिन इस बार वे सीधे चुनावी मैदान में उतरने का संकेत दे रहे हैं, भले खुद नहीं, लेकिन परिवार के माध्यम से।

तेजस्वी को समर्थन, एनडीए पर तंज

राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने भी खेसारी के बयान का स्वागत किया और कहा कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाली सरकार चाहती है। उन्होंने कहा, “महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। एनडीए अब ‘नैया डूबेगी अबकी बार’ बन गया है।” तिवारी ने यह भी दावा किया कि एनडीए में अंदरूनी खींचतान चल रही है। उपेन्द्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी नाराज़ हैं, नीतीश कुमार भी सहज नहीं हैं।

JDU कितनी सीटों पर लड़ेगी चुनाव?

एनडीए (नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस) ने सीटों का बंटवारा रविवार को किया था। इसमें बीजेपी और जेडीयू को बराबर 101-101 सीटें मिली हैं। जबकि चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। इसके अलावा, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6-6 सीटें मिली हैं।

चुनाव की तारीखें

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। मतदान के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version