Site icon Dainik Savera Times

NEET का पेपर लीक होना युवाओं के साथ फिर खिलवाड़ : Priyanka Gandhi Vadra

Priyanka Gandhi

Priyanka Gandhi

नई दिल्लीः कांग्रेस ने मेडिकल प्रवेश के लिए होने वाली नीट परीक्षा पेपर लीक होने की खबरों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आज कहा कि मोदी सरकार पेपर लीक की बीमारी रोक पाने में असमर्थ हो रही है और उसने एक बार फिर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा एक बार फिर से नीट का पेपर लीक होने की खबरें आ रही हैं। देश के 24 लाख युवाओं के भविष्य के साथ फिर से खिलवाड़ हुआ। पिछले दस बरसों से करोड़ों होनहार युवाओं के साथ चल रहा यह सिलसिला बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। क्या देश के प्रधानमंत्री इस पर कुछ कहेंगे। युवाओं को बहलाने के लिए संसद में पेपर लीक के खिलाफ कानून पास हुआ था। वह कानून कहां है। लागू क्यों नहीं होता।

उन्होंने कहा कि इसलिए बेरोजगारी और नौकरियों में भ्रष्टाचार इस चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा है। हमारे न्याय पत्र का संकल्प है कि पेपर लीक बंद होगा। भर्तियां कैलेंडर के हिसाब से निकलेंगी। खाली पद भरे जाएंगे। युवाओं के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ बंद होगा और हम ये करके दिखाएंगे। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा आज बिहार में नीट के पेपर लीक होने की ख़बरें आई हैं। इसके अलावा राजस्थान से परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा के प्रश्नपत्रों के गलत सेट बांटे जाने की भी शिकायतें आई हैं। पिछले सात वर्षों में 70 से अधिक पेपर लीक हुए हैं जिससे 2 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों का भविष्य बर्बाद हुआ है। कई राज्यों में पेपर लीक को लेकर कानून होने के बावजूद पेपर लीक हो रहे हैं।

उन्होंने हाल में हुए पेपर लीक के उदाहरण देते हुए कहा बिहार में 15 मार्च को शिक्षक भर्ती परीक्षा में 3.75 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। कुछ ही दिनों में पेपर लीक की वजह से परीक्षा रद्द करनी पड़ी।फिर 17 और 18 फरवरी को यूपी पुलिस परीक्षा में 60 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। 24 फरवरी को पेपर लीक के चलते योगी सरकार को परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। कांग्रेस की 5 युवा न्याय गारंटियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें एक गारंटी पेपर लीक से मुक्ति की भी है। पेपर लीक में शामिल अपराधियों को सिर्फ सजा देना पर्याप्त नहीं है।

हमारा लक्ष्य किसी भी पेपर को लीक होने से रोकना है। हमारे कानून पेपर-आधारित और कंप्यूटर- आधारित परीक्षाओं के लिए – पेपर सेटिंग, पिंट्रिंग, परिवहन, प्रशासन और निरीक्षण से लेकर परीक्षा की प्रक्रिया के हर चरण में ईमानदारी और निष्पक्षता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा वे युवा जो इन परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों बिताते हैं और बेहतर भविष्य की आशा के लिए समय और पैसा ख़र्च करते हैं, उनके लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि पेपर लीक न हों। पेपर लीक से मुक्ति कड़ी मेहनत करने वाले हर उम्मीदवार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है।

Exit mobile version