
नेशनल डेस्क : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच जबलपुर से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित आयुध निर्माणी खमरिया (Ordnance Factory Khamaria) ने अपने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबी छुट्टियां रद्द कर दी हैं। फैक्ट्री के जनसंपर्क अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अब कर्मचारियों और अधिकारियों को दो दिन से अधिक की छुट्टी नहीं मिल सकेगी। यह निर्णय शुक्रवार को लिया गया और तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
जबलपुर ऑर्डिनेंस प्रमुख फैक्ट्रियों में से एक…
आपको बता दें कि जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री भारतीय सेना के लिए गोला-बारूद बनाने वाली प्रमुख फैक्ट्रियों में से एक है। यहां पर भारत के सशस्त्र बलों के लिए म्यूनिशन्स यानी गोला-बारूद का उत्पादन होता है। इस फैक्ट्री में करीब 4,000 लोग काम करते हैं और यह म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) की सबसे बड़ी इकाइयों में से एक मानी जाती है। इसका कार्य भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, खासकर जब देश की सीमाओं पर तनाव बढ़ रहा हो।
उत्पादन लक्ष्य पूरा करने के लिए छुट्टियां रद्द
जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के जनसंपर्क अधिकारी, अविनाश शंकर ने इस निर्णय के पीछे का कारण स्पष्ट करते हुए कहा कि फैक्ट्री का उत्पादन लक्ष्य इस साल बहुत बड़ा है। उन्होंने बताया कि अप्रैल महीने में फैक्ट्री को अपना निर्धारित उत्पादन लक्ष्य पूरा करने में असफल रही थी, और अब इसका रिकवरी करने के लिए कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के बाद यह कदम उठाया गया ताकि उत्पादन में किसी प्रकार की रुकावट न हो और कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या उपलब्ध रहे।
चंद्रपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में भी छुट्टियां रद्द
जबलपुर के बाद महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में भी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। यहां पर भी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम भी उसी कारण से उठाया गया है, ताकि गोला-बारूद के उत्पादन में कोई कमी न आए।
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव
हालांकि, इस कदम के पीछे मुख्य कारण उत्पादन लक्ष्य की पूर्ति है, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पाकिस्तान लगातार आरोप लगा रहा है कि भारत उसके खिलाफ हमला करने की कोशिश कर रहा है, वहीं पाकिस्तान की सेना भी जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीजफायर का उल्लंघन कर रही है। पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे सीजफायर उल्लंघन को लेकर भारतीय सेना भी लगातार मुंहतोड़ जवाब दे रही है। यह तनाव और सीमा पर बढ़ती हलचल के बीच भारत की आयुध फैक्ट्रियों के कर्मचारियों के लिए लगातार काम की स्थिति बनी हुई है। इस समय जब देश की सुरक्षा के लिए गोला-बारूद का उत्पादन अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है, तो इन फैक्ट्रियों के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका और भी बढ़ गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...