Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना पुलिस ने फर्जी DSP को किया गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था तस्वीरें

Ludhiana Fake DSP Arrested

Ludhiana Fake DSP Arrested : लुधियाना: शहर में पुलिस ने एक फर्जी डीएसपी का भंडाफोड़ करते हुए उसे हिरासत में लिया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पुलिस वर्दी में तस्वीरें पोस्ट कर खुद को डीएसपी के रूप में प्रचारित कर रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।

-पुलिस ने फर्जी डीएसपी को किया काबू

जानकारी के मुताबिक, एएसआई रोशन लाल अपनी टीम के साथ बाबा थान सिंह चौक के पास गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें पता चला कि करणबीर सिंह नाम का युवक फर्जी पुलिस वर्दी में शहर में घूम रहा है और खुद को डीएसपी बताकर लोगों को गुमराह कर रहा है।

पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर दबिश दी और करणबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से डीएसपी की वर्दी, एक नई खाकी रंग की पगड़ी, भूरे रंग के जूते और मोजे बरामद हुए।

-सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था तस्वीरें

आरोपी ने इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वर्दी में अपनी तस्वीरें पोस्ट कर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स भी बना लिए थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसने इस वर्दी और डीएसपी की फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर किस-किस से ठगी या अन्य अवैध कार्य किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले से जुड़े और भी खुलासे किए जाएंगे।

Exit mobile version