Ludhiana West By-Election : पंजाब डेस्क: लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचलें तेज हैं। जहां कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी मैदान में उतर चुके हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी आज अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। पार्टी के भीतर संभावित उम्मीदवारों को लेकर गहन मंथन जारी है।
– ये तीन बड़े नाम दौड़ में
भाजपा की ओर से सबसे मजबूत दावेदार एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू माने जा रहे हैं, जिन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करते हुए लगभग 28,107 मत हासिल किए थे। इसके अलावा पार्टी महासचिव जीवन गुप्ता और पूर्व मेयर हेमराज अग्रवाल की पुत्रवधू राशि अग्रवाल के नाम भी चर्चा में हैं।

हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि बिक्रम सिद्धू को पिछले प्रदर्शन के आधार पर दोबारा मौका दिया जा सकता है, ताकि पहले से बनी हुई ज़मीनी पकड़ को भुनाया जा सके। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा 2022 के आंकड़ों और वर्तमान राजनीतिक समीकरणों की गहन समीक्षा की जा रही है।
-प्रचार में पिछड़ी भाजपा, बाकी उम्मीदवारों को बढ़त
जहां कांग्रेस के उम्मीदवार भारत भूषण आशु और आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा पहले से ही जोरों-शोरों से प्रचार अभियान में जुटे हैं, वहीं भाजपा अब तक अपने उम्मीदवार की घोषणा भी नहीं कर पाई है। आशु ने आज प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की अगुवाई में अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है।
आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा पहले ही क्षेत्र में सक्रिय हो चुके हैं और जमीनी स्तर पर संपर्क साध रहे हैं। इस विलंब के कारण भाजपा उम्मीदवार को प्रचार के लिए सीमित समय ही मिलेगा, जो चुनावी रणनीति पर असर डाल सकता है।
-2022 के नतीजे तय करेंगे रणनीति की दिशा
पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के गुरप्रीत बस्सी गोगी ने इस सीट से 40,443 वोटों से शानदार जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के आशु 32,931 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे, जबकि भाजपा के बिक्रम सिद्धू को 28,107 मत मिले थे।
इन आंकड़ों के मद्देनज़र यदि भाजपा बिक्रम सिद्धू को ही टिकट देती है, तो चुनाव एक तीरांगी मुकाबले की शक्ल ले सकता है। शिरोमणि अकाली दल ने भी एडवोकेट परोपकार सिंह घुम्मन को मैदान में उतारकर यह संकेत दिया है कि वह मुकाबले से बाहर नहीं है और पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर है।
-19 जून को मतदान, 23 को नतीजे
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर 19 जून 2025 को उपचुनाव होंगे और 23 जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे। ऐसे में भाजपा की ओर से आज की संभावित घोषणा पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। उम्मीदवार चाहे जो भी हो, लेकिन मुकाबला दिलचस्प और रणनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण होने वाला है।