Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका में दिखेंगे ‘मेड इन इंडिया’ चिप, भारत में जल्द होगा ओलंपिक, न्यूयॉर्क में बोले PM Modi

September 23, 2024

अमेरिका में दिखेंगे ‘मेड इन इंडिया’ चिप, भारत में जल्द होगा ओलंपिक, न्यूयॉर्क में बोले PM Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय अमेरिका दौरे के दूसरे दिन रविवार को न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय को संबोधित क‍िया। लॉन्ग आइलैंड में आयोजित मोदी एंड अमेरिका कार्यक्रम में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दावा किया कि आने वाले दिनों में आप मेड इन इंडिया चिप अमेरिका में भी देखेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल जून में भारत ने सेमी-कंडक्टर सेक्टर के लिए इंसेंटिव घोषित किया था।

इसके कुछ ही महीनों बाद माइक्रोन की पहली सेमी-कंडक्टर यूनिट का शिलान्यास हो गया। अब तक भारत में ऐसी पांच यूनिट स्वीकृत हो चुकी हैं। वह दिन अब दूर नहीं, जब आप मेड इन इंडिया चिप अमेरिका में भी देखेंगे। यह छोटी सी चिप विकसित भारत की उड़ान को नई ऊंचाई पर ले जाएगी और ये मोदी की गारंटी है।

पेरिस ओलंपिक का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले पेरिस ओलंपिक खत्म हुए हैं। जल्द ही आप भारत में ओलंपिक के साक्षी बनेंगे। हम ओलंपिक की मेजबानी के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते 10 साल में भारत में हर सप्ताह एक यूनिवर्सिटी और हर दिन दो नए कॉलेज बने हैं। हर दिन एक नई आईटीआई की स्थापना हुई है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 10 साल में लगभग दोगुनी हो चुकी है। अभी तक दुनिया ने भारत के डिजाइनर्स का दम देखा, अब दुनिया डिजाइन इन इंडिया का जलवा देखेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि आपका आयोजन वाकई शानदार रहा है। यहां पर जो सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, वो अद्भुत थे। मुझे मालूम हुआ कि यहां हजारों लोग आना चाहते थे, लेकिन जगह कम पड़ गई। जो लोग यहां नहीं आ पाए, मैं उनसे क्षमा चाहता हूं, उनसे आगे मुलाकात होगी। किसी और दिन, किसी अन्य स्थान पर। उत्साह ऐसा ही होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें