Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

Toyota के लिए Madhya Pradesh आदर्श स्थान, युवा प्रशिक्षण बढ़ाने के लिए किया जा सकता है निवेश : CM Mohan Yadav

January 28, 2025

Toyota के लिए Madhya Pradesh आदर्श स्थान, युवा प्रशिक्षण बढ़ाने के लिए किया जा सकता है निवेश : CM Mohan Yadav

Madhya Pradesh : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को कहा कि मध्य प्रदेश टोयोटा के लिए सुविधाएं स्थापित करने और तकनीकी नौकरियों में युवाओं के प्रशिक्षण को बढ़ाने में निवेश के लिए एक आदर्श स्थान है। सीएम यादव ने राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियों और कुशल कार्यबल उपलब्धता पर जोर दिया और जापान के वाहन विनिर्माता को निवेश के अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया। टोयोटा के वरिष्ठ नेतृत्व ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान भारत और मध्य प्रदेश में कंपनी की पहलों तथा परिचालनों पर बात की हैं। राज्य में आगामी वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन में उन्होंने व्यापार संबंधों की संभावनाओं की समीक्षा करने की मंशा व्यक्त की हैं।

सीएम यादव जापान की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। यह पिछले वर्ष शुरू किए गए ‘मध्य प्रदेश में निवेश’ अभियान का हिस्सा है। यह अभियान 24 और 25 फरवरी को भोपाल में आयोजित होने वाले ‘इन्वेस्ट मध्य प्रदेश’ – वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन 2025 में सम्पन्न होगा। सीएम यादव ने यहां टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन (जो विश्व की सबसे बड़ी वाहन विनिर्माता कंपनियों में से एक है) के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया। उन्होंने टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन के भारत तथा पश्चिम एशिया प्रभाग के प्रशासन एवं सहायता विभाग के महाप्रबंधक तोशीयुकी नाकाहारा और भारत और पश्चिम एशिया पूर्व प्रभाग के प्रशासन एवं सहायता विभाग के परियोजना महाप्रबंधक मासाहिरो नोगी के साथ संभावित व्यापार संबंधों पर चर्चा की हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, कि ‘ हमने मध्य प्रदेश में उपलब्ध प्रचुर अवसरों पर बात की जिसमें विशाल भूमि, कुशल युवा कार्यबल, उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा और तेजी से बढ़ता मोटर वाहन क्षेत्र शामिल है। मध्य प्रदेश टोयोटा के लिए सुविधाएं स्थापित करने और तकनीकी नौकरियों में युवाओं के प्रशिक्षण को बढ़ाने में निवेश करने के लिए आदर्श स्थान है।’’ सीएम यादव ने टोयोटा के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ अपनी बैठक में कहा कि भारत में मध्य प्रदेश का केन्द्रीय स्थान, अन्य बाजारों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराकर कंपनियों को बड़ा लाभ प्रदान करता है। उन्होंने मोटर वाहन कंपनी को राज्य में पर्याप्त निवेश अवसरों पर विचार करने के लिए आमंत्रित किया।

टोयोटा के अधिकारियों ने कहा कि मध्य प्रदेश एक ‘‘महत्वपूर्ण राज्य’’ है और कंपनी राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक है। बातचीत के दौरान कंपनी ने अपने संचालन, ‘स्टॉकयार्ड’ की उपस्थिति, डीलर नेटवर्क और बिक्री की मात्र पर बात की। उन्होंने कहा कि कहा कि टोयोटा तकनीकी शिक्षा कार्यक्रम राज्य में युवाओं को कौशल प्रदान करने पर केंद्रित है। कंपनी ने ‘‘भारत के साथ मिलकर बढ़ने ’’ में भी रुचि व्यक्त की हैं।

सीएम यादव अपनी इस यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख जापानी व्यापारिक संस्थाओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि इनमें से कई बैठकें मध्य प्रदेश के लिए व्यावसायिक अवसर उत्पन्न करेंगी। मध्य प्रदेश के जापान के साथ मजबूत व्यापारिक और निवेश संबंध हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत और जापान के बीच व्यापार 22.85 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें मध्य प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा। राज्य ने जापान में लगभग नौ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर के उत्पाद निर्यात किए। इनमें एल्युमीनियम, रसायन, मशीनरी, दवाइयां और कपड़े आदि शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें