Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

कई प्रमुख नदियों का मायका मध्यप्रदेश : CM Mohan Yadav

October 14, 2024

कई प्रमुख नदियों का मायका मध्यप्रदेश : CM Mohan Yadav

सूरत (गुजरात) : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मध्यप्रदेश को देश की कई प्रमुख नदियों के मायके की संज्ञा देते हुए कहा कि राज्य की नर्मदा और ताप्ती जैसी नदियां अपने मायके मध्यप्रदेश को आनंदित करने के साथ गुजरात को भी धनधान्य से परिपूर्ण कर रही हैं। डॉ यादव ने कल देर शाम केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के आतिथ्य में गुजरात के सूरत में आयोजित‘जन्मभूमि से कर्मभूमि ‘जल संचय-जनभागीदारी-जनआंदोलन’ कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उपस्थित रहे।

समारेाह के दौरान डॉ यादव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि देश की प्रमुख नदियों का मध्यप्रदेश मायका है। मध्यप्रदेश की नर्मदा और ताप्ती नदी अपने मायके अर्थात मध्यप्रदेश को तो आनंदित और प्रफुल्लित करती ही है, साथ ही वह गुजरात को भी धन-धान्य से परिपूर्ण कर रही है। जल संरक्षण को पुण्य कर्म मानते हुए ‘नदियों के मायके’ मध्यप्रदेश में संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ सहित विभिन्न जनभागीदारी पहलों से जल संचयन और संरक्षण की दिशा में व्यापक परिवर्तन हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का ही सुफल है कि जल संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने का संकल्प साकार हो रहा है। हम सभी भारत को जल संरक्षण का वैश्विक प्रतीक बनाने के ध्येय के साथ ‘रिड्यूज, रीयूज, रीचार्ज एंड रीसाइकिल’मंत्र को आत्मसात करते हुए ‘जल-सुरक्षित भविष्य’ हेतु सतत गतिशील हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने दो बड़े नदी जोड़ो अभियानों की लीड ली है।

मध्यप्रदेश में नदी जोड़ो अभियान के अंतर्गत भी अभिनव कार्य हुए हैं। सरकार बनने के बाद, प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चला, जिसमें जल भंडारण क्षमता को बढ़ाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री पाटिल के नेतृत्व में, हम सभी मिलकर अपने लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में प्रतिबद्ध हैं। एक-एक बूंद पानी का सदुपयोग करते हुए राज्य एक-दूसरे का सहयोग कर रहे हैं, इससे राज्यों के संबंध भी मजबूत होते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें