Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mahakumbh Traffic : प्रयागराज में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब…घंटों जाम में फंसे, उठानी पड़ रही है परेशानी

February 10, 2025

Mahakumbh Traffic : प्रयागराज में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब…घंटों जाम में फंसे, उठानी पड़ रही है परेशानी

Mahakumbh Traffic : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में देश-दुनिया के श्रद्धालु लाखों की तादाद में हिस्सा ले रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में अभी भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी के चलते मध्य प्रदेश से भी गुजरने वाली सड़कों पर भारी आवागमन है और कई स्थानों पर जाम के हालात बन गए हैं। जाम में घंटों से वाहन फंसे हुए हैं, इन श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

ज्ञात हो कि महाराष्ट्र से आने वाले श्रद्धालु जबलपुर, रीवा से होकर गुजर रहे हैं, तो छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु शहडोल, रीवा से होकर जा रहे हैं। देश के अन्य हिस्सों के वाहन रीवा जिले के चाकघाट से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते हैं। इस मार्ग पर हजारों की तादाद में वाहन कई घंटों से फंसे हुए हैं। इन वाहनों में सवार लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए मध्य प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन की ओर से विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

वहीं, प्रयागराज की ओर जा रहे वाहनों में सवार लोगों से कुछ समय इंतजार करने अथवा वापस लौटने की पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार अपील भी की जा रही है। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि प्रयागराज महाकुंभ 2025 में सम्मिलित होने जा रहे बड़ी संख्या में प्रदेश एवं अन्य प्रदेशों के श्रद्धालुओं का चाकघाट (रीवा) से लेकर जबलपुर-कटनी-सिवनी जिले तक यातायात प्रभावित होने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वाहनों में ज्यादातर बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संबंधित क्षेत्र के सभी जिला प्रशासन से लेकर नगरीय निकायों के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निर्देशित किया है कि तुरंत श्रद्धालुओं सहित सभी प्रभावित लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं जैसे भोजन, पानी, ठहरने की समुचित व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का इंतजाम किया जाए। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की है कि सुगम आवागमन व्यवस्था बनाने में प्रशासन का सहयोग करें, इस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जनप्रतिनिधि भी प्रशासन के साथ व्यवस्था बनाने में सहयोग प्रदान करें।

वहीं, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके क्षेत्र से होकर महाकुंभ में जा रहे श्रद्धालुओं की हर संभव मदद करें। उनके भोजन और जरूरत पड़े तो ठहरने की व्यवस्था भी करें। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखें और इस महायज्ञ में हम अपनी भूमिका निभाएं। बताया गया है कि कई स्थान ऐसे हैं जहां कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लगी हुई है। इन वाहनों में सवार लोग कई घंटों से फंसे हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें