
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने शादी के सिर्फ 15 दिन बाद ही अपने पति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। यह मामला राजा रघुवंशी हत्याकांड के बीच सामने आया है और तेजी से चर्चा में आ गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना सांगली जिले के कुपवाड़ इलाके की है। यहां रहने वाले अनिल लोखंडे (उम्र 53 साल) ने हाल ही में, 23 मई को राधिका लोखंडे (उम्र 27 साल) से दूसरी शादी की थी। अनिल की पहली पत्नी की कुछ समय पहले कैंसर से मौत हो गई थी। शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे थे।
हत्या कैसे हुई?
पुलिस के अनुसार, 10 जून की रात अनिल और राधिका के बीच झगड़ा हुआ, और माना जा रहा है कि यह झगड़ा शारीरिक संबंधों को लेकर हुआ था। झगड़े के बाद जब अनिल सो गया, तब राधिका ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद क्या हुआ?
हत्या के बाद राधिका ने अपने चचेरे भाई को फोन करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और राधिका को गिरफ्तार कर लिया। 11 जून को राधिका को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की जांच में क्या सामने आया?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति के बीच शादी के बाद से ही तनाव था। झगड़े का कारण शारीरिक संबंध बनाने को लेकर विवाद बताया गया है। इसी विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि राधिका ने अपने ही पति की जान ले ली।