Site icon Dainik Savera Times

महाराष्ट्रः सांगली में कृष्णा नदी में गिरी कार, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

महाराष्ट्र। पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में बुधवार रात एक कार के कृष्णा नदी में गिर जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। यह दुर्घटना अंकाली पुल पर रात करीब साढ़े 12 बजे उस समय हुई जब सांगली निवासी खेडेकर और नाव्रेकर परिवार कोल्हापुर में एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। जिस जगह दुर्घटना हुई, वहां कृष्णा नदी पर एक पुराना पुल और एक नया पुल है और दोनों पुल एक दूसरे से सटे हुए हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुराने पुल पर से गुजरते समय चालक का कार से नियंत्रण खो जाने के कारण वह दोनों पुलों के बीच जा गिरी। उन्होंने बताया कि कार पुल के एक खंभे के पास सूखे स्थान पर जा गिरी।

अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान प्रसाद भालचंद्र खेडेकर (35), उनकी पत्नी प्रेरणा (36) और नाव्रेकर परिवार की वैष्णवी संतोष नाव्रेकर (21) की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय समरजीत प्रसाद खेडकर, वरद संतोष नाव्रेकर (19) और साक्षी संतोष नाव्रेकर (42) का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

Exit mobile version