Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mahendragarh School Bus Accident : हादसे की खबर सुन दौड़े माता-पिता…रास्ते में खुद का ही हुआ एक्सीडेंट, मां का टूटा पैर, मच गई चीख-पुकार

April 11, 2024

Mahendragarh School Bus Accident : हादसे की खबर सुन दौड़े माता-पिता…रास्ते में खुद का ही हुआ एक्सीडेंट, मां का टूटा पैर, मच गई चीख-पुकार

महेंद्रगढ़ : हरियाणा के महेंद्रगढ़ में गुरुवार की सुबह बच्चों से भरी प्राइवेट स्कूल की बस पलट गई। हादसे में 6 बच्चों की मौत की सूचना है, जबकि 15 बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। हादसे की वजह ओवरटेक बताया जा रहा है। महेंद्रगढ़ के कस्बा कनीना में स्थित GLP स्कूल की बस गुरुवार सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। गांव उन्हानी के पास स्कूल बस ओवरटेक करते हुए अचानक पलट गई। इस दौरान जोरदार धमाका हुआ और चीख-पुकार मच गई।

स्कूल बस हादसे के बाद माता-पिता का भी हुआ एक्सीडेंट

हादसे की सूचना पाकर माता-पिता जब अपनी बच्ची को देखने दौड़े तो रास्ते में उनका भी एक्सीडेंट हो गया और बच्ची की मम्मी का पैर टूट गया, जबकि दूसरी ओर बच्ची भगवान को प्यारी हो गई। इस हादसे के बाद परिवारजनाें का राे-राेकर बुरा हाल हैं।

छुट्टी के दिन भी खोला स्कूल

घटना की सूचना मिलते ही लोग मौके पर इकट्ठे हो गए और बच्चों को बचाने में मदद करने लगे। आज ईद पर सभी सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में छुट्टियां है। उसके बाद भी प्राइवेट स्कूल ने छुट्टी नहीं की। बस में 35 बच्चे सवार थे।

अधिकारियों से कर रही हूं बात : शिक्षा मंत्री बोलीं

हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने फोन पर कहा कि मैं DC और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात कर रही हूं। यह पूछने पर की क्या छुट्टी के दिन स्कूल लगने चाहिए, तो उन्होंने कहा कि मैं सभी चीजों का पता लगा रही हूं। उसके बाद इस मामले में कुछ कहूंगी।

महेंद्रगढ़ स्कूल बस हादसे के मामले में परिवहन मंत्री ने लिया का बड़ा एक्शन

महेंद्रगढ़ स्कूल बस हादसे के मामले में परिवहन मंत्री असीम गोयल ने बड़ा एक्शन लेते हुए पूरे प्रदेश के स्कूलों की बसों की फिटनेस चैक करने के ऑर्डर दिए। जिला शिक्षा अधिकारियों को फिटनेस चैक करने के लिए सर्कुलर जारी होगा। स्थानीय डीटीओ को स्कूल के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के भी आदेश दिए गए हैं।

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने शाेक व्यक्त करते हुए कहा कि महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं।मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है।सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्हानी गांव में हुई घटना पर – छुट्टी वाले दिन स्कूल चलाया जा रहा था और जानकारी मिली है कि दुर्घटनाग्रस्त बस में अनेक खामियां थी। मैं चाहूँगा कि हरियाणा सरकार तुरंत ACS एजुकेशन के अंडर एक कमेटी बना कर मॉनिटर करें और जो भी एक्शन जरुरी हो वो लिया जाए। दुर्घटनास्थल पर हमारी पार्टी के सीनियर सदस्य भी पहुंचे हैं। राव बहादुर सिंह जी भी वहां पहुँच रहे हैं। हमारी ओर से जो भी मदद चाहिए होगी वो की जाएगी।

राहुल गांधी ने शाेक व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ ज़िले में हुई बस दुर्घटना में मासूमों की मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है। मैं सभी शोक संतप्त परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही सभी घायलों के जल्द ही ठीक होने की आशा करता हूं।

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ट्वीट कर कहा कि नारनौल के उनहानी के पास स्कूल बस के दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई बच्चों की दु:खद मृत्यु और कई बच्चों के घायल होने की खबर पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने बच्चों को खोने वाले परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि बस दुर्घटना में घायल बच्चे जल्द से जल्द स्वस्थ हों।

इनेलो विधायक एवं इनेलो प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने शाेक व्यक्त करते हुए कहा कि महेंद्रगढ़ के कनीना के गांव उन्हानी के पास स्कूल बस पलटने से आधा दर्जन बच्चों की मृत्यु हो गई। इस घटना के लिए स्कूल के साथ ही जिला प्रशासन भी दोषी है। आज अवकाश के बावजूद स्कूल क्यों खोला गया? काश निजी स्कूलों की मनमानी पर जिला शिक्षा अधिकारी का समय पर चाबुक चलता, तो शायद आज यह घटना ना होती। दिवंगत नौनिहालों को नम आँखों से श्रद्धांजली। ईश्वर उनके परिवारों को यह दुख सहने कि शक्ति दे।

राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि नारनौल के उनहानी गांव के पास हुई स्कूल बस दुर्घटना में कई बच्चों की दुःखद मृत्यु और कई बच्चों के घायल होने का समाचार सुनकर मन विचलित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस हादसे में घायल बच्चों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। राज्य सरकार व स्थानीय प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ित परिवारों एवं सभी घायलों को मुफ्त उपचार सहित हर संभव मदद मुहैया कराएं। इस दुर्घटना को देखते हुए आज के अपने चुनाव प्रचार कार्यक्रम को मैं स्थगित कर रहा हूँ। भावभीनी श्रद्धांजलि 🙏।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में स्कूल बस का दुर्घटनाग्रस्त होना बेहद दुःखद है। मेरी संवेदनाएँ मृतक बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन के द्वारा घायल बच्चों को सहायता पहुँचाई जा रही है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें