Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली के IGI Airport पर बड़ा हादसाः ‘टर्मिनल-एक’ की छत गिरने से 1 व्यक्ति की मौत, 6 घायल, नागरिक उड्डयन मंत्री ने घटना स्थल का किया दौरा

June 28, 2024

दिल्ली के IGI Airport पर बड़ा हादसाः ‘टर्मिनल-एक’ की छत गिरने से 1 व्यक्ति की मौत, 6 घायल, नागरिक उड्डयन मंत्री ने घटना स्थल का किया दौरा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के बीच शुक्रवार तड़के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-एक की छत का एक हिस्सा वाहनों पर गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 6 अन्य लोग घायल हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए लोगों को हवाई अड्डे के पास स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह सुनिश्चित करने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त वाहनों में कोई व्यक्ति फंसा न हो।


अधिकारियों ने बताया कि छत के अलावा ‘बीम’ भी गिर गए, जिससे टर्मिनल के ‘पिक-अप और ड्रॉप’ क्षेत्र (ऐसा क्षेत्र जहां यात्रियों को लाने-ले जाने वाले वाहन खड़े होते हैं) में खड़ी कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग को घटना की सूचना मिलने के बाद तीन दमकल वाहनों को हवाई अड्डे भेजा गया।


हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि छत का एक हिस्सा गिरने के बाद टर्मिनल-एक पर विमानों का प्रस्थान स्थगित कर दिया गया है। पुलिस उपायुक्त (आईजीआई) उषा रंगनानी ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टी-एक प्रस्थान स्थल की ओर जाने वाले विमानों को सीआईएसएफ जांच चौकी पर टी-1 आगमन स्थल की ओर मोड़ दिया गया है।

दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है
दिल्ली और एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में शुक्रवार तड़के से ही लगातार बारिश हो रही है और आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं हो रही हैं। गुरुवार को दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने एक्स पर किया पोस्ट
नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं दिल्ली में हवाई अड्डे के टी1 की छत (का हिस्सा) गिरने की घटना पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहा हूं। घटनास्थल पर बचाव दल काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही विमानन कंपनियों को टी1 पर सभी प्रभावित यात्रियों की सहायता करने का परामर्श दिया गया है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। बचाव अभियान जारी है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें