Site icon Dainik Savera Times

जालंधर-पठानकोट हाईवे पर बड़ा हादसा: आपस में भिड़े तीन वाहन, 2 लोग घायल

जालंधर: पंजाब के जालंधर जिले में शनिवार को जालंधर-पठानकोट हाईवे पर रायपुर रसूलपुर अड्डे के पास एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सेना की एक जिप्सी, एक निजी एसयूवी (एंडेवर) और एक टिप्पर शामिल थे। टक्कर में दो लोगों को हल्की चोटें आईं हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, सेना का वाहन जालंधर से भोगपुर की ओर जा रहा था, जिसे 36 वर्षीय जवान चला रहा था। उसी दिशा में पीछे से आ रही एंडेवर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सेना की जिप्सी में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि सेना की जिप्सी संतुलन खो बैठी और आगे चल रहे टिप्पर से टकरा गई।

घटना की सूचना मिलते ही रोड सेफ्टी फोर्स और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। सड़क सुरक्षा कर्मियों ने यातायात को नियंत्रित करते हुए तीनों वाहनों को सड़क किनारे करवा कर रास्ता साफ कराया। मकसूदा थाना पुलिस ने स्थिति का जायजा लेकर तीनों पक्षों के बीच आपसी समझौता करवाया और मामला शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना चालक की एक पल की लापरवाही के कारण हुई, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस हाईवे पर ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने और स्पीड लिमिट का सख्ती से पालन करवाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

ये भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका संघर्ष के बीच दुनिया को इंटरनेट ब्लैक आउट का खतरा? भारत पर भी पड़ सकता है असर

Exit mobile version