Site icon Dainik Savera Times

रायपुर में बड़ा हादसा: स्टील फैक्ट्री की छत गिरने से 6 मजदूरों की मौत, कई घायल

नई दिल्ली। रायपुर के धरसींवा इलाके में एक स्टील फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। सिलतरा स्थित गोदावरी पॉवर एंड इस्पात लिमिटेड प्लांट में अचानक एक ढांचे की छत गिर गई। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में अब तक 6 मजदूरों की मौत हो चुकी है। वहीं 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें तत्काल देवेंद्र नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राहत और बचाव अभियान जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव का काम तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ मजदूर दबे हो सकते हैं।

जिला प्रशासन ने दिया भरोसा
रायपुर जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी है। साथ ही घायलों के उचित इलाज का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत मजदूरों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

 

एसएसपी ने दी जानकारी
रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि हादसा फैक्ट्री के अंदर एक ढाँचे की छत गिरने से हुआ। पुलिस टीम मौके पर है और राहत कार्य लगातार जारी है।

 

Exit mobile version