Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुरक्षा में बड़ी चूक…हमलावर ने राष्ट्रपति पर चाकू से किया हमला,  एक अन्य व्यक्ति भी घायल

September 14, 2024

सुरक्षा में बड़ी चूक…हमलावर ने राष्ट्रपति पर चाकू से किया हमला,  एक अन्य व्यक्ति भी घायल
मोरोनी (कोमोरोस) : हिंद महासागर के द्वीपीय देश कोमोरोस के राष्ट्रपति पर शुक्रवार को उस समय चाकू से हमला किया गया जब वह एक धार्मिक नेता के अंतिम संस्कार में भाग लेने पहुंचे थे। इस हमले में राष्ट्रपति मामूली रूप से घायल हुए हैं। राष्ट्रपति के कार्यालय ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति को बचाने की कोशिश में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति अजाली असौमानी मामलू रूप से घायल हुए हैं और वह अपने घर लौट आए हैं। बयान में कहा गया कि हमलावर को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया है और वह उनकी हिरासत में है। हालांकि बयान में हमलावर की पहचान और हमले के घटनाक्रम को लेकर और कोई जानकारी नहीं दी गई है। यह हमला राजधानी मोरोनी के बाहरी इलाके में स्थित सलीमानी शहर में हुआ।
सरकार के मंत्री अबूबकर सैद अनली ने शनिवार को कहा कि हमले के दौरान राष्ट्रपति के बचाने के प्रयासों में एक नागरिक भी घायल हुआ। नागरिक को आई चोटों की गंभीरता के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है। जनवरी में असौमानी को कोमोरोस के राष्ट्रपति के रूप में फिर से चुना गया था।
हालांकि विपक्षी दलों ने इसे धोखाधड़ी वाला चुनाव बताया था। चुनाव के बाद हुए उपद्रव में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पूर्व सैन्य अधिकारी असौमानी (65) वर्ष 1999 में कोमोरोस में हुए तख्तापलट के बाद पहले बार सत्ता में आए। उनका राष्ट्रपति के तौर पर पहला कार्यकाल 2002-2006 तक रहा और वह 2016 में फिर चुने गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें