नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर लद्दाख के लोगों की मांगों को नजरअंदाज करने और उनके साथ लगातार विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि लद्दाख में पिछले एक साल से लोग शांतिपूर्ण तरीके से संविधान की छठी अनुसूची में शामिल किए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय हिंसा और दबाव की नीति अपना रही है। उन्होंने सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) का दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया।
खड़गे ने कहा, “लद्दाख की स्थिति को संभालने में सरकार का रवैया बहुत दयनीय है। भाजपा ने चुनावों के समय लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल करने का वादा किया था, लेकिन अब वह अपने ही वादे से मुकर गई है।” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी लद्दाख में शांति, लोकतंत्र और न्याय चाहती है। पार्टी ने हाल ही में हुई हिंसा में मारे गए चार लोगों की मौत की न्यायिक जांच की मांग की है और लद्दाख में लोकतांत्रिक संस्थाओं की बहाली की अपील की है।
लद्दाख के लेह में 24 सितंबर को एक विरोध प्रदर्शन हुआ था, जो बाद में हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय में आग लगा दी थी। इसके बाद पुलिस की गोलीबारी में चार लोगों की मौत हुई और कई घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि हिंसा के पीछे सोनम वांगचुक और कुछ अन्य लोग थे। अब तक 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वांगचुक पर हिंसा भड़काने, पाकिस्तान से संबंध रखने और देश विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया गया है।
डीजीपी एस.डी. सिंह जामवाल ने कहा, “हमने हिंसा के मुख्य साजिशकर्ताओं को पकड़ लिया है। सोनम वांगचुक को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार किया गया है और उन्हें जोधपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।” पुलिस का यह भी दावा है कि वांगचुक का संपर्क पाकिस्तान के एक पत्रकार से था, जिसे हाल ही में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि वांगचुक पाकिस्तान और बांग्लादेश की यात्रा पर भी गए थे, इसलिए उन पर संदेह है।
सोनम वांगचुक एक प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता और इंजीनियर हैं, जिनकी छवि एक शांतिप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता की रही है। उन्होंने बर्फ के स्तूप, सौर ऊर्जा और लद्दाख के पर्यावरण संरक्षण जैसे कई नवाचार किए हैं। आमिर खान की फिल्म “3 इडियट्स” का किरदार “फुंसुख वांगड़ू” इन्हीं से प्रेरित बताया जाता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...