Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mallikarjun Kharge ने पवित्र कुंभ स्नान पर टिप्पणी कर हिंदुओं की भावनाओं का किया अपमान : Chandrashekhar Bawankule

January 28, 2025

Mallikarjun Kharge ने पवित्र कुंभ स्नान पर टिप्पणी कर हिंदुओं की भावनाओं का किया अपमान : Chandrashekhar Bawankule

Mallikarjun Kharge Insulted Sentiments Hindus : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा नेताओं के प्रयागराज में संगम पर पवित्र कुंभ स्नान को लेकर असंवेदनशील टिप्पणी कर हिंदुओं की भावनाओं का अपमान किया है। राज्य के राजस्व मंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस ने लगातार हिंदू मान्यताओं और परंपराओं का अनादर किया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कटाक्ष किया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं में कैमरे के समक्ष डुबकी लगाने की होड़ मची है। उन्होंने सवाल किया था कि क्या गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी समाप्त हो जाएगी? मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्य प्रदेश के महू शहर में जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली को संबोधित करते हुए कहा था, अगर किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं माफी मांगता हूं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के महाकुंभ संगम स्नान के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह टिप्पणी की थी।

बावनकुले ने अपने पोस्ट में मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी को असंवेदनशील और अपमानजनक करार दिया। भाजपा नेता बावनकुले ने कहा, कि कुंभ मेले में करोड़ों हिंदू श्रद्धा और विश्वास के साथ भाग लेते हैं। इस पवित्र आयोजन का उपहास करके खरगे ने गंगा की पवित्रता और करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं का अपमान किया है। बावनकुले ने गंगा में स्नान से गरीबी मिटने के खरगे के बयान पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, कि यह बयान न केवल बेतुका है बल्कि बेहद आक्रामक भी है।

हिंदुओं ने हमेशा सहिष्णुता दिखाई है, लेकिन मल्लिकार्जुन खड़गे को उनके विश्वास का मजाक उड़ाने का अधिकार किसने दिया? कांग्रेस हिंदू वोट चाहती है, फिर भी हिंदुओं के प्रति ऐसी घृणा क्यों? हिंदुओं का क्या दोष है? क्या यह उनकी गलती है कि उन्होंने कांग्रेस को छह दशकों से अधिक समय तक इस देश पर शासन करने का मौका दिया? बावनकुले ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, कि कांग्रेस ने हमेशा एक विशेष समुदाय को खुश करने के लिए काम किया है और हिंदू बहुसंख्यक की मान्यताओं का उपहास किया है। लोकसभा में 99 सीटों के बावजूद, वे हिंदू भावनाओं का सम्मान करने में असफल रहे हैं। यदि वे लोगों के विश्वास का सम्मान नहीं कर सकते, तो कम से कम उनका अपमान करने से बचें।

भाजपा नेता ने कहा, कि आज वे कुंभ मेले का मजाक उड़ा रहे हैं। कल, अगर किसी तरह कांग्रेस सत्ता में आ गई, तो क्या वे कुंभ मेले को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर देंगे? यही चिंता देशभर के हिंदुओं को परेशान कर रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए बावनकुले ने कहा कि भारत के लोग ऐसे आचरण का संज्ञन लेंगे और उचित जवाब देंगे। उन्होंने कहा, कि यदि कांग्रेस हिंदू परंपराओं का अनादर करना जारी रखेगी, तो देश का समझदार मतदाता तय करेगा कि उनके साथ कैसे निपटना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें