Site icon Dainik Savera Times

भाजपा नेताओं के महाकुंभ स्नान पर बोले Mallikarjun Kharge- ‘गंगा में डुबकी लगाने से दूर नहीं होगी गरीबी’

Congress

Congress

Mallikarjun Kharge : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को मध्य प्रदेश के महू में संविधान रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ में भाजपा नेताओं के डुबकी लगाने को लेकर एक बड़ा बयान दिया, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा में डुबकी लगाने के गरीबी दूर नहीं होगी। इसके तुरंत बाद जब उन्हें शायद यह लगा कि वह कुछ गलत बोल गए हैं तो उन्होंने कहा कि हमारा मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं है।

उन्होंने हाथ जोड़ते हुए कहा कि अगर इस बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो माफी मांगता हूं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अरे भाई, गंगा में डुबकी लेने से गरीबी दूर होती है क्या? क्या इससे आपको पेट भरने के लिए खाना मिलता है? मैं किसी की आस्था पर चोट नहीं लगाना चाहता हूं, अगर किसी को दुख हुआ है तो मैं माफी चाहता हूं। लेकिन, आप बताइए, जब बच्चा भूखा है, बच्चा स्कूल नहीं जा पा रहा है, मजदूर को मजदूरी नहीं मिल रही है, ऐसे समय में ये लोग जाकर हजारों रुपए खर्च करके डुबकियां मार रहे हैं और जब तक टीवी में अच्छा नहीं दिखता, तब तक डुबकी मारते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि धर्म पर हम सभी की आस्था है, धर्म हम सभी के साथ है। लेकिन, अगर धर्म के नाम पर किसी समाज में गरीबों का शोषण होगा, तो हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। वहीं, केंद्र सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते थे कि अबकी बार 400 पार, 400 पार की बात तो छोड़िए, भाजपा बहुमत में भी नहीं है। पीएम मोदी तो नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के सहारे सरकार चला रहे हैं। जिस दिन कोई हट गया, उनकी सरकार गिर जाएगी।

Exit mobile version