इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान में छिपे आतंकवादी अक्सर दुनिया के सामने पाकिस्तान की असलियत को उजागर कर रहे हैं। इस बार, जैश ए मोहम्मद के एक शीर्ष कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक बड़ा खुलासा किया है। उसने बताया कि दिल्ली और मुंबई पर हुए आतंकी हमलों के पीछे मसूद अजहर का हाथ था और इन हमलों की योजना उसने पाकिस्तान के बालाकोट में बैठकर बनाई थी। माना जा रहा है कि मसूद इलियास का इशारा दिल्ली में हुए संसद हमले और 2008 के मुंबई हमले से है।
बालाकोट से मसूद अजहर ने हमले की योजना बनाई
मसूद इलियास कश्मीरी ने एक वीडियो में कहा, “दिल्ली की तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद मसूद अजहर पाकिस्तान आए और बालाकोट में उन्हें पनाह मिली। यहीं से उन्होंने अपने आतंकी मिशन को शुरू किया और दिल्ली व मुंबई को दहलाया।” उसने ओसामा बिन लादेन का भी नाम लिया और कहा कि जैसे उसने पाकिस्तान में रहकर आतंकवादी गतिविधियाँ कीं, वैसे ही मसूद अजहर ने भी पाकिस्तान की ज़मीन से भारतीयों को निशाना बनाया। इस बयान से पाकिस्तान के उस झूठ का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें वह अपने यहां आतंकवादी संगठनों की मौजूदगी से इनकार करता है।
Jaish terrorist Masood Ilyas Kashmiri rants about how his boss Masood Azhar’s entire family was torn to pieces in Pakistan’s 🇵🇰 Bahawalpur by India’s May 7 missile strikes.
Deeply satisfying.pic.twitter.com/IyOLmyzGXt— Abhijit Majumder (@abhijitmajumder) September 16, 2025
ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवादी ठिकानों पर हमला
मसूद इलियास ने यह भी बताया कि भारतीय सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जैश ए मोहम्मद के ठिकानों को निशाना बनाया और उन्हें नष्ट कर दिया। उसने कहा, “हमने अपने देश की रक्षा के लिए दिल्ली, काबुल, और कांधार में लड़ा। लेकिन 7 मई को भारतीय सेना ने मसूद अजहर के परिवार को तबाह कर दिया और बहावलपुर में जैश ए मोहम्मद के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।”
इसके बाद, भारत ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या के बाद पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर हमला किया। भारत ने बहावलपुर, कोटली और मुरीदके जैसे पाकिस्तान के आतंकी प्रशिक्षण केंद्रों को निशाना बनाया। बहावलपुर, जो पाकिस्तान का 12वां सबसे बड़ा शहर है, जैश ए मोहम्मद का मुख्य ठिकाना माना जाता है। इस खुलासे से साफ हो गया है कि पाकिस्तान के अंदर आतंकवादियों के ठिकाने मौजूद हैं और पाकिस्तान का दावा कि वह आतंकवाद के खिलाफ है, पूरी तरह से झूठा है।

