Site icon Dainik Savera Times

बस और ट्रक की हुई जबरदस्त टक्कर…6 लोगों की मौत, 4 घायल

जकार्ता : इंडोनेशिया के मध्य जावा प्रांत में सोमवार सुबह सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाटी ट्रैफिक पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना प्रांत के पाटी क्षेत्र में स्थानीय समयानुसार करीब 2 बजे हुई। दुर्घटना में एक यात्री बस और दो सेमी-ट्रेलर ट्रक शामिल थे।

पाटी ट्रैफिक पुलिस के प्रमुख असफौरी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि दुर्घटना के समय बस में 28 लोग सवार थे। चार यात्री और ड्राइवर की मौत हो गई। जबकि एक अन्य मृतक एक ट्रक ड्राइवर था। दुर्घटना में कुल 6 लोगों की मौत हुई है। एक समाचार एजेंसी ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया कि मृतकों और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इस साल जुलाई में मध्य जावा के बोयोलाली रीजेंसी में सोलो-नगावी टोल रोड पर सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई थी और 14 अन्य मामूली रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया था कि मिनी बस में सवार 22 यात्रियों में से छह की मौत हो गई थी और 14 मामूली रूप से घायल हुए थे। जबकि दो यात्री बच गए थे।

उन्हें संदेह था कि मिनी बस के ड्राइवर को नींद आने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया था। बता दें कि दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में अधिक माल लादने, खराब सड़कों की स्थिति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाएं आम बात हैं।

Exit mobile version