Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पैरा नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं को भी मिलेगी सरकारी नौकरी : CM Pushkar Dhami

September 21, 2024

पैरा नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं को भी मिलेगी सरकारी नौकरी : CM Pushkar Dhami

रूद्रपुर/नैनीताल : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राज्य ओलम्पिक खेलों के उद्घाटन के मौके पर कहा कि नेशनल खेलों की तरह ही पैरा नेशनल खेलों के पदक विजेताओं को भी सरकारी नौकरी दी जाएगी। सीएम धामी ने रूद्रपुर के सरकार स्टेडियम में राज्य ओलम्पिक खेलों का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की तरह ही प्रदेश सरकार भी प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए ढांचागत विकास में जुटी हुई है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने हाल ही में नई खेल नीति लागू की है और इसके माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्हें हरसंभव मदद दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक नेशनल खेलों के पदक विजेताओं को प्रदेश में आउट आफ टर्न सरकारी नौकरी दी जाती थी लेकिन अब पैरा नेशनल के पदक विजेताओं को भी यह सम्मान दिया जायेगा और सरकारी नौकरी दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में पहली बार खेल विश्वविद्यालय बनाने जा रही है। हल्द्वानी के पास खेल विश्वविद्यालय का निर्माण किया जायेगा। इसके लिये गैरसैण सत्र में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गयी हैं। सीएम धामी ने कहा कि इसके साथ ही चंपावत में महिला स्पोट्र्स कालेज का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी सेवा में चार प्रतिशत खेल कोटे को पुन: लागू कर दिया है तथा मुख्यमंत्री खेल विकास निधि के तहत मिलने वाली नकद धनराशि में भी सौ फीसदी की वृद्धि की गई है।

उन्होंने कहा कि जनवरी में प्रदेश में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। यह पहली बार है कि प्रदेश को राष्ट्रीय खेलों के आयोजन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों और पदाधिकारियों से इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा खिलाड़ियों का प्रोत्साहन करते हैं। उन्होंने देश के युवाओं से कहा कि प्रदेश में नशा एक चुनौती बन गई है। इसलिए आगे आएं और खेल के माध्यम से अपने भविष्य को संवारे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें