Site icon Dainik Savera Times

मौसम विभाग ने भारी बारिश का Red Alert किया जारी, मुख्यमंत्री ने की सावधानी बरतने की अपील

इटानगरः भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के अनुमान के साथ रेड अलर्ट जारी करने के बाद मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को लोगों से सभी एहतियात बरतने तथा जोखिम वाले क्षेत्रों में नहीं जाने का अनुरोध किया हैं। आईएमडी ने मंगलवार को पापुम पारे और पश्चिम कामेंग जिलों में और बुधवार को पूर्वी कामेंग और पक्के-केसांग जिलों में अलग-अलग स्थानों पर आसमान से बिजली गिरने और भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है।

विभाग ने कुरुंग कुमे, लोअर सुबनसिरी, शी-योमी, पश्चिम सियांग, लोहित, चांगलांग, तिरप और लोंगडिंग जिलों में भी अलग-अलग स्थानों पर आसमान से बिजली गिरने और भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। आईएमडी ने कहा कि 29 और 30 मई को पक्के-केसांग, पापुम पारे, सियांग, लोहित, पूर्वी कामेंग, पश्चिम कामेंग, कुरुंग कुमे, पश्चिम सियांग और निचली दिबांग घाटी जिलों में भी आसमान से बिजली गिरने और भारी बारिश होने की आशंका है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, कि ‘‘.. मैं लोगों से सभी एहतियाती कदम उठाने तथा घटना/दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्रों में नहीं जाने का अनुरोध करता हूं।’’ उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा कि किसी भी आपात स्थिति में कृपया जिला प्रशासन से संपर्क करें। आईएमडी ने लोगों को आगाह किया है और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।

Exit mobile version