फाजिल्का: पंजाब सरकार ने संकट की घड़ी में अपने नागरिकों को हर संभव सहायता देने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के बाद, कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड और डॉ. बलजीत कौर ने आज फाजिल्का का दौरा किया, जहां उन्होंने नागरिक प्रशासन की तैयारियों का गहन मूल्यांकन किया और स्थानीय निवासियों से संवाद करके उनका मनोबल बढ़ाया।
-सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
दौरे के दौरान, मंत्रियों ने जिला प्रशासन के साथ बैठक की और फाजिल्का के सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को सभी आवश्यक सेवाएं प्रदान की जा सकें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने शहर के विभिन्न बाजारों का दौरा किया, ताकि नागरिकों को सरकार का समर्थन और सहयोग महसूस हो सके।
-कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने कहा कि,
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार इस कठिन समय में फाजिल्का और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सशस्त्र बलों को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मंत्री सोंड ने नागरिक प्रशासन की तैयारियों का भी जायजा लिया और नागरिकों से आश्वस्त किया कि फाजिल्का में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, “घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार ने सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं।
-डॉ. बलजीत कौर ने सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया
इसके अलावा, डॉ. बलजीत कौर ने भी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की चिंता या भय का शिकार न हों। उन्होंने सिविल अस्पताल का दौरा किया और स्वास्थ्य सेवाओं, ब्लड बैंक और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी पुष्टि की। मंत्री ने यह भी बताया कि नागरिक, पुलिस और स्वास्थ्य विभागों की टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
मंत्रियों ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से बातचीत की और उन्हें शांत रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान, स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और सुरक्षा बलों को अपनी पूरी समर्थन देने का संकल्प लिया।
-फाजिल्का के ये बड़े अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर फाजिल्का के विधायक नरिंदर पाल सिंह सवाना, जलालाबाद के विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी, बल्लुआना के विधायक अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर और पूर्व विधायक अरुण नारंग भी उपस्थित थे। फाजिल्का के डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने बताया कि प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक किया है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी की घटनाओं की कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
इस दौरे के दौरान एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़, एडीसी (जनरल) डॉ. मनदीप कौर, एडीसी (विकास) सुभाष चंद्र, एसडीएम कंवरजीत सिंह मान और वीरपाल कौर भी उपस्थित थे। यह दौरा यह साबित करता है कि पंजाब सरकार नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी आपातकालीन स्थिति में अपने लोगों के साथ खड़ी रहेगी।
ये भी पढ़ें- Punjab Weather: आज इन 6 ज़िलों में हो सकती है बारिश, IMD ने जारी की रिपोर्ट

