Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में हो गया मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, CM SAINI ने अपने पास गृह और वित्त विभाग सहित रखे कई विभाग, देखें पूरी लिस्ट 

October 21, 2024

हरियाणा में हो गया मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, CM SAINI ने अपने पास गृह और वित्त विभाग सहित रखे कई विभाग, देखें पूरी लिस्ट 

चंडीगढ़। हरियाणा में नयी सरकार के शपथ ग्रहण के तीन दिन बाद रविवार को मंत्रियों को विभागों का आवंटन किया गया और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गृह एवं वित्त सहित प्रमुख विभाग अपने पास रखे हैं, जबकि अनिल विज को ऊर्जा और परिवहन विभाग का जिम्मा दिया गया है। सैनी 12 विभागों का जिम्मा संभालेंगे। वह गृह एवं वित्त के अलावा योजना, आबकारी एवं कराधान, नगर एवं ग्राम नियोजन और शहरी संपदा, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति, आपराधिक जांच, कानून एवं विधायी तथा आवास जैसे विभागों का प्रभार संभालेंगे। मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहने के दौरान गृह विभाग का कार्यभार संभालने वाले विज को अब ऊर्जा और परिवहन के अलावा श्रम विभाग का भी प्रभार दिया गया है। देर रात जारी एक सरकारी आदेश में बताया गया कि खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार में विज के पास रहा स्वास्थ्य विभाग अब आरती सिंह राव को आवंटित किया गया है, जो चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष विभागों का भी जिम्मा संभालेंगी।

सैनी (54) ने बृहस्पतिवार को पंचकूला में एक भव्य समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता और राज्य भर से हजारों लोग शामिल हुए थे। सैनी के अलावा दो महिलाओं समेत 13 विधायकों ने शपथ ली थी। राव नरबीर सिंह को उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग आवंटित किए गए हैं, जबकि महिपाल ढांडा को स्कूल शिक्षा विभाग का जिम्मा मिला है।  विपुल गोयल को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय और नागरिक उड्डयन विभाग आवंटित किए गए हैं जबकि अरविंद शर्मा जेल और सहकारिता विभाग का जिम्मा संभालेंगे।

श्य़ाम सिंह राणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का जिम्मा संभालेंगे जबकि रणबीर गंगवा को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग आवंटित किया गया है। कृष्ण कुमार बेदी के पास सामाजिक न्याय, अधिकारिता तथा अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग है जबकि श्रुति चौधरी के पास महिला एवं बाल विकास विभाग का प्रभार होगा। अन्य मंत्रियों में कृष्ण लाल पंवार को विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग आवंटित किए गए हैं।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग आवंटित किए गए हैं, जबकि राज्य मंत्री गौरव गौतम (स्वतंत्र प्रभार) युवा सशक्तीकरण एवं उद्यमिता तथा खेल विभाग का प्रभार संभालेंगे।

आदेश में कहा गया है कि हरियाणा के राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की सलाह पर मंत्रिपरिषद के सदस्यों को विभाग आवंटित किए हैं।  हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 में से 48 सीट पर जीत हासिल की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें