Site icon Dainik Savera Times

भीषण गर्मी के बीच इस मंत्री ने गरीबों को बांट दिए कंबल, Video वायरल होने के बाद हुई किरकिरी

नेशनल डेस्क: बिहार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने हाल ही में एक अजीबोगरीब कार्यक्रम के दौरान गरीबों के बीच कंबल वितरण किया, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, गर्मी के मौसम में कंबल बांटने का यह कार्यक्रम बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के मंसूरचक प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत-दो के अहियापुर गांव में आयोजित किया गया था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर 500 से अधिक लोगों के बीच कंबल बांटे। कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मंत्री जी और भाजपा के कई स्थानीय नेता मंच पर बैठे हुए हैं, जबकि सैकड़ों लोग कंबल लेने के लिए इकट्ठे हुए हैं।

वीडियो पर लोग ले रहे चुटकियां
गर्मी के मौसम में 35 से 40 डिग्री तापमान में कंबल वितरण देखकर लोग हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर लोग इस पर चुटकियां ले रहे हैं। उनका कहना है कि अगर कंबल ही बांटना था, तो यह ठंड में किया जाता, जब लोगों को इससे राहत मिल सकती थी।

 

राजद ने कसा तंज
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा और उनके मंत्रियों पर तंज कसा। राजद ने लिखा, “बिहार में गर्मी की बढ़ती यातना के बीच खेल मंत्री ने कंबल बांटकर मानसिक यातना का विश्व रिकॉर्ड बना दिया। अब लगता है कि सिर्फ मुख्यमंत्री ही नहीं, उनके सारे मंत्री भी नरभसा गए हैं।”

मजाक का विषय बनी घटना 
खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने इस कार्यक्रम को भाजपा के स्थापना दिवस पर आयोजित किया था और अपने फेसबुक पर कार्यक्रम की तस्वीरें भी शेयर की थीं। हालांकि, इस अजीबोगरीब कंबल वितरण के बाद यह घटना राजनीतिक गलियारों में मजाक का विषय बन गई है।

Exit mobile version