Site icon Dainik Savera Times

देशभर में आज होगी मॉक ड्रिल, पंजाब के 20 जिलों में होगा ब्लैकआऊट, बजेंगे सायरन

Mock drill : परमाणु संयंत्रों, सैन्य ठिकानों, रिफाइनरी और जलविद्युत बांधों जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों वाले करीब 300 ‘नागरिक सुरक्षा जिलों’ में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन, ‘शत्रुतापूर्ण हमले’ के लिए नागरिक प्रशिक्षण और बंकरों और खंदकों की सफाई के साथ बुधवार को ‘मॉक ड्रिल’ का आयोजन किया जाएगा। 1971 के बाद पहली बार देश में इस तरह मॉक ड्रिल हो रही है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में लोगों की सक्रिय सहभागिता के साथ ‘मॉक’ अभ्यास करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच उभरे ‘नए और जटिल खतरों’ को देखते हुए गृह मंत्रलय ने सभी राज्यों से बुधवार को मॉक ड्रिल करने को कहा है। सभी राज्यों में अधिकारी मॉक ड्रिल के दौरान शिक्षण संस्थानों के छात्रों, सरकारी और निजी संस्थानों के कर्मचारियों, अस्पताल कर्मचारियों, रेलवे और मैट्रो अधिकारियों के अलावा पुलिस, अर्धसैनिक और रक्षा बलों के वर्दीधारी कर्मियों को भी शामिल करेंगे।

सूत्रों ने कहा कि नागरिक सुरक्षा जिले और सामान्य प्रशासनिक जिले भिन्न होते हैं। किसी भौगोलिक क्षेत्र में छावनी, रिफाइनरी या परमाणु संयंत्र होने पर उसे आवश्यकता और तात्कालिकता के आधार पर ‘नागरिक सुरक्षा जिले’ के रूप में चिन्हित किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘ऐसे जिलों को संबंधित राज्य प्राधिकारियों द्वारा नामित किया जाता है और हमारा मानना है कि देश भर में लगभग 300 ऐसे नागरिक सुरक्षा जिलों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।’

पंजाब के 20 जिलों में ब्लैकआऊट होगा

वहीं, पंजाब के 20 स्थानों पर नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इन स्थानों पर अलग-अलग समय पर मॉक ड्रिल होगी और इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंजाब के अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, गुरदासपुर, बटाला, होशियारपुर, लुधियाना, जालंधर, आदमपुर, हलवारा, पटियाला, पठानकोट, बरनाला, मोहाली, फरीदकोट, कोटकपूरा, रूपनगर, भाखड़ा नंगल, संगरूर और अबोहर में मॉड ड्रिल होगी। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि नागरिक सुरक्षा दल और पंजाब पुलिस गृह मंत्रलय के निर्देश पर मॉक ड्रिल करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस अभ्यास पर बारीकी से नजर रखे हुए है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यास का मकसद जनता में जागरूकता पैदा करना और किसी भी हमले की स्थिति में आवश्यक सावधानी बरतना है।

मॉड ड्रिल को लेकर हुई बैठक में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि आज की बैठक में सायरन का मुद्दा उठाया गया क्योंकि कई सालों से इसका परीक्षण नहीं किया गया है, इसलिए कई सायरन खराब हो सकते हैं। इसके लिए हमे पहले सभी नागरिक और रक्षा प्रणालियों की कामकाज की समीक्षा करनी होगी। इसके अलावा इनका परीक्षण किया जाएगा।

इस बीच अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा और होम गार्ड महानिदेशालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है, ‘मौजूदा भू-राजनीतिक परिदृश्य में नए और जटिल खतरे/चुनौतियां उभरी हैं, इसलिए यह समझदारी होगी कि राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों में हर समय इष्टतम नागरिक सुरक्षा तैयारियां रखी जाएं।’ इस अभ्यास का आयोजन गांव स्तर तक योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा तथा इसका उद्देश्य सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी का आकलन करना और उसे मजबूत करना है। इस अभ्यास में जिला नियंत्रकों, विभिन्न जिला प्राधिकारियों, नागरिक सुरक्षा वार्डन, स्वयंसेवकों, होमगार्ड, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस), कालेज और स्कूल के छात्रों की सक्रिय भागीदारी की परिकल्पना की गई है।

पंजाब में यहां होगी मॉक ड्रिल
केंद्रीय गृह मंत्रलय ने 6 मई को सभी प्रदेशों के जिलों की लिस्ट को जारी कर दिया जहां पर मॉक ड्रिल होगी। इस लिस्ट में पंजाब के अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, बरनाला, भाखड़ा नंगल, हलवारा, कोटकपूरा, बटाला, मोहाली, अबोहर, फरीदकोट, रोपड़, संगरूर शहर शामिल हैं।

मॉक ड्रिल के दौरान किए जाने वाले उपाय
* हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन का संचालन
* लोगों को ‘शत्रु के हमले’ की स्थिति में खुद को बचाने के लिए सुरक्षा पहलुओं पर प्रशिक्षण देना
* बंकरों तथा खंदकों की सफाई करना
* दुर्घटना की स्थिति में ‘ब्लैकआऊट’ के उपाय
* महत्वपूर्ण संयंत्रों और प्रतिष्ठानों की रक्षा तथा निकासी योजनाओं को अद्यतन करना एवं उनका पूर्वाभ्यास करना
* वायु सेना के साथ हॉटलाइन और रेडियो-संचार लिंक का संचालन
* नियंत्रण कक्षों और छाया नियंत्रण कक्षों की कार्यक्षमता का परीक्षण

Exit mobile version