Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM मोदी अयोध्या पहुंचे, थोड़ी देर में 8 किमी का रोड-शो, PM के स्वागत के लिए दुल्हन की तरह सजी रामनगरी

December 30, 2023

PM मोदी अयोध्या पहुंचे, थोड़ी देर में 8 किमी का रोड-शो, PM के स्वागत के लिए दुल्हन की तरह सजी रामनगरी

अयोध्या। उत्तर प्रदेश व देश की विभिन्न संस्कृतियों संग रामनगरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभूतपूर्व स्वागत होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संस्कृति विभाग भी इस तैयारी में जुटा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर शंख व डमरू वादन भी होगा। वहीं एयरपोर्ट से धर्मपथ, रामपथ होते हुए रेलवे स्टेशन तक कुल 40 मंचों पर लगभग 1400 से अधिक लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। साथ ही एयरपोर्ट सभा स्थल पर भी 30 लोक कलाकारों की ओऱ से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रसधारा बहेगी। रास्ते में कुल 40 मंचों पर कलाकार न सिर्फ अपनी संस्कृति की छटा बिखरेंगे, बल्कि अपनी प्रस्तुतियों से प्रधानमंत्री व आगंतुकों को भी मंत्रमुग्ध करेंगे। संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश ने इसकी सारी तैयारी कर ली है।

40 सांस्कृतिक मंचों पर 1400 से अधिक लोक कलाकारों की होगी प्रस्तुति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संस्कृति विभाग ने भी पीएम के स्वागत की जोरदार तैयारी की है। प्रधानमंत्री के रोड शो के मध्य कुल 40 मंच बनेंगे, जिस पर 1400 से अधिक लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। एयरपोर्ट के गेट नंबर 3 पर एक विशाल मंच होगा। वहीं एयरपोर्ट से साकेत पेट्रोल पंप के बीच पांच मंच होंगे। धर्मपथ पर 26 मंचों पर कलाकार अपनी भावपूर्व प्रस्तुति देंगे। राम पथ पर पांच, अरुंधती पार्किंग, टेढ़ी बाजार से रेलवे स्टेशन के मध्य तीन मंचों पर यूपी की संस्कृति की बयार बहेगी।

शंख वादन से पीएम का होगा जोरदार स्वागत
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामनगरी अयोध्या में पीएम के अभूतपूर्व स्वागत का निर्देश दिया है। इस पर संस्कृति विभाग ने भी काफी तैयारी की है। अयोध्या के वैभव मिश्र शंख वादन से रामलला की धरा पर पीएम का स्वागत करेंगे तो बाबा विश्वनाथ की धरा से आए मोहित चौरसिया डमरू वादन कर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेंगे। मथुरा के खजान सिंह व महिपाल अपनी टीम संग बम रसिया की छाप छोड़ेंगे। साथ ही मथुरा का लोकप्रिय मयूर नृत्य भी कई मंचों पर होगा। दीपक शर्मा, गोविंद तिवारी, माधव आचार्य समेत कई अन्य कलाकार अन्य मंचों पर भी अपनी टीम संग प्रस्तुति देंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें