Site icon Dainik Savera Times

Mohan Yadav ने छिंदवाड़ा के लोगों का किया अपमान : Kamal Nath

भोपालः मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर छिंदवाड़ा के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि क्षेत्र की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री बुधवार को भाजपा के उम्मीदवार विवेक बंटी साहू का नामांकन भरवाने छिंदवाड़ा पहुंचे थे। एक जनसभा में उन्होंने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कहते हैं कि छिंदवाड़ा ‘इसका या उसका गढ़ है‘, तो यह किसी का गढ़ नहीं, गड़बड़ है। पिछली बार ही थोड़ी सी कसर रह गई। जहां 20 लाख वोटर हों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार विकास के काम हो रहे हों, वहां 37 हजार वोटों का अंतर बड़ा नहीं है।

डॉ. यादव के छिदवाड़ा में गड़बड़ वाले बयान को लेकर कमलनाथ ने एक्स पर लिखा, ‘मैंने आज अखबारों में पढ़ा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कह रहे हैं कि छिंदवाड़ा में सब गड़बड़ है। यह छिंदवाड़ावासियों का अपमान है। छिंदवाड़ा की अस्मिता के साथ खिलवाड़ है। मुख्यमंत्री आप छिंदवाड़ा के आदिवासी समाज को, छिंदवाड़ा के मेहनतकश नौजवान को, छिंदवाड़ा की सम्मानित माताओं और बहनों को, छिंदवाड़ा के मजदूर और किसानों को गड़बड़ कह रहे हैं।‘

उन्होंने आगे कहा कि छिंदवाड़ा के इस घोर अपमान के लिए मुख्यमंत्री को तत्काल क्षेत्र की जनता से माफी माँगनी चाहिए। हालांकि इस कृत्य के लिए ‘छिंदवाड़ा की जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी‘। उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा ने विवेक बंटी साहू को मैदान में उतारा है।

Exit mobile version