Monsoon Update : नई दिल्ली। देश में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिये राहत भरी खबर सामने आई है। जहां, मानसून राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में पहुंच गया है। वहीं, देश के बाकी हिस्सों में सामान्य तिथि 8 जुलाई से नौ दिन पहले पहुंच गया। हालांकि दिल्ली में पिछले साल मानसून एक दिन पहले 28 जून को आ गया था। वहीं, राजधानी दिल्ली में मानसून के पहुंचने के साथ ही बारिश (Rain Alert) का दौर शुरू हो गया है। बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने लोगों को जहां एक ओर राहत दी है, तो वहीं कुछ जगहों पर जलजमाव के कारण दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.1 डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में पूर्वाह्न् करीब 11 बजे वसंत कुंज, हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, इग्नू, आया नगर और डेरामंडी में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आद्रता 75 प्रतिशत थी।
#WATCH | Delhi | IMD Scientist Naresh Kumar says, “… The monsoon has covered the entire country, including areas from Haryana, Uttar Pradesh and Rajasthan that were yet to receive any rain. In the north, near Delhi, the monsoon will be tough in the coming few days. The rainfall… pic.twitter.com/q3lJo90yks
— ANI (@ANI) June 29, 2025
दिल्ली में ‘येलो अलर्ट’ जारी
दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है और IMD ने आज आम तौर पर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 85 दर्ज किया गया, जो ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब और 401 और 500 के बीच एक्यूआई गंभीर माना जाता है।
उत्तराखंड में आफत बनकर बरस रही बारिश
मानसून सीजन में इस बार बारिश के सामान्य से ज्यादा होने की संभावना है। उत्तराखंड में बरसात आफत बनकर बरस रही है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, आगे भी एक दो दिन में भारी बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए मौसम निदेशक ने भी पहाड़ और मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

